बिहार में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा, सचिवालय कर्मियों के लिए चलेगी पिंक और ई-बस
पटना में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की दिशा में बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) द्वारा 18 मई 2026 से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक..
पटना में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की दिशा में बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) द्वारा 18 मई 2026 से सचिवालय कर्मियों के लिए विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो और शहर में ट्रैफिक दबाव घट सके।
परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि इस पहल से बड़ी संख्या में सरकारी कर्मियों को राहत मिलेगी। वहीं BSRTC के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान में अधिकतर कर्मचारी निजी कार और बाइक से सचिवालय आते-जाते हैं, जिससे पेट्रोल-डीजल की खपत के साथ-साथ ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ती है। नई इलेक्ट्रिक बस सेवा से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और ईंधन की बचत संभव होगी।
पटना में पहले से चल रही हैं 25 इलेक्ट्रिक बसें
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम वर्तमान में पटना शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन कर रहा है। अब इन्हीं बसों का उपयोग सचिवालय कर्मियों के नियमित आवागमन के लिए भी किया जाएगा। सरकार का मानना है कि “नो फ्यूल” आधारित परिवहन व्यवस्था से न सिर्फ ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
कई रूटों पर चलेगी विशेष सेवा
विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा पटना के विभिन्न क्षेत्रों से सीधे नया सचिवालय और पुराना सचिवालय तक संचालित होगी। सुबह कार्यालय समय में कर्मचारियों के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी, जबकि शाम में वापसी सेवा दी जाएगी। महिला कर्मियों की सुविधा को देखते हुए शाम 5 बजे विशेष पिंक बस सेवा भी चलाई जाएगी।यह सेवा मल्टी मॉडल हब (पटना जंक्शन) से शुरू होकर आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना उच्च न्यायालय और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय तक जाएगी। सुबह 8:30 बजे से बसों का संचालन शुरू होगा।
दानापुर स्टेशन रूट
दानापुर स्टेशन से चलने वाली बसें सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना नगर, IGIMS, शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय पहुंचेंगी। इस रूट पर सुबह 8:15 बजे से सेवा उपलब्ध रहेगी।यह विशेष सेवा धनुकी मोड़ से शुरू होकर कुम्हरार, भूतनाथ रोड, NMCH, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन और आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक संचालित होगी।
कुर्जी और गांधी मैदान रूट
कुर्जी से चलने वाली पिंक बस सेवा पी एंड एम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी, ए.एन. कॉलेज, बोरिंग रोड चौराहा और हड़ताली मोड़ होते हुए सचिवालय तक पहुंचेगी।वहीं गांधी मैदान से संचालित इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, नियोजन भवन, विद्युत भवन, हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय क्षेत्र तक जाएगी।बता दें कि यह पहल बिहार में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा संरक्षण आधारित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













