बिहार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 54 डीएसपी समेत कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
पटना में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में एक और बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। लगातार दूसरे दिन हुए व्यापक फेरबदल में राज्य सरकार ने 54..
पटना में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में एक और बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। लगातार दूसरे दिन हुए व्यापक फेरबदल में राज्य सरकार ने 54 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इससे पहले भी कई आईपीएस और डीएसपी अधिकारियों का ट्रांसफर किया जा चुका है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
सरकार के इस फैसले को आगामी चुनौतियों, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। खास तौर पर साइबर क्राइम, आर्थिक अपराध इकाई, अपराध अनुसंधान विभाग और मद्य निषेध जैसे संवेदनशील विभागों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है।
साइबर क्राइम और आर्थिक अपराध इकाइयों को मिली मजबूती
नई पोस्टिंग में कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। मोहम्मद अली अंसारी को सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात बनाया गया है, जबकि अशफाक अंसारी को राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो एवं मद्य निषेध विभाग में पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी मिली है। मनोज राम को अपराध अनुसंधान विभाग, पटना में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है।
साइबर अपराध पर नियंत्रण को लेकर भी सरकार ने अहम कदम उठाए हैं। मंगलेश कुमार सिंह को साइबर क्राइम डीएसपी, औरंगाबाद तथा पूनम कुमारी को साइबर क्राइम डीएसपी, सीतामढ़ी बनाया गया है। वहीं महेश चौधरी को आर्थिक अपराध इकाई, पटना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला अधिकारियों को भी अहम जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल में महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। वंदना को अपर पुलिस अधीक्षक, मद्य निषेध बनाया गया है। वहीं रिशु कृष्ण को अपराध अनुसंधान विभाग में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनाती मिली है। अजय प्रसाद को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में वर्दी पुलिस उपाधीक्षक के रूप में भेजा गया है।
रोहतास में भी बदले कई चेहरे
रोहतास जिले में भी बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिला है। विप्लव कुमार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम बनाया गया है, जबकि राजू रंजन कुमार को डेहरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
व्यापक बदलाव की रणनीति पर सरकार
बीते कुछ दिनों में बिहार पुलिस विभाग में लगातार बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। पहले कई आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ, फिर डीएसपी स्तर पर बड़े बदलाव किए गए और अब 54 अधिकारियों की नई पोस्टिंग ने साफ कर दिया है कि राज्य सरकार पुलिसिंग व्यवस्था को नई रणनीति के तहत मजबूत करने में जुटी है। माना जा रहा है कि अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए यह कदम उठाए गए हैं।













