राबड़ी देवी को फिर मिला बंगला खाली करने का नोटिस, बोलीं- फोर्स भेजकर खाली करवा ले सरकार

पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री Rabri Devi को भवन निर्माण विभाग ने तीसरी बार आवास खाली करने का नोटिस...

राबड़ी देवी को फिर मिला बंगला खाली करने का नोटिस, बोलीं- फोर्स भेजकर खाली करवा ले सरकार

पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) को भवन निर्माण विभाग ने तीसरी बार आवास खाली करने का नोटिस जारी किया है। विभाग का कहना है कि यह सरकारी बंगला अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम (Nand Kishore Ram )को आवंटित किया जा चुका है, इसलिए इसे जल्द खाली किया जाना चाहिए। वहीं नोटिस मिलने के बाद राबड़ी देवी ने साफ शब्दों में कहा है कि वह किसी भी कीमत पर 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली नहीं करेंगी।

क्या है पूरा मामला?

भवन निर्माण विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी नोटिस में कहा गया है कि नवंबर 2025 में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था। विभाग का दावा है कि नया आवास मिलने के बावजूद उन्होंने अब तक 10 सर्कुलर रोड स्थित पुराना सरकारी बंगला खाली नहीं किया है।

गौरतलब है कि लालू यादव (Lalu Prasad Yadav) और उनका परिवार वर्ष 2005 से इस आवास में रह रहा है। विभाग का कहना है कि पिछले कई महीनों से लगातार अनुरोध किया जा रहा था कि परिवार नए आवास में शिफ्ट हो जाए, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।

राबड़ी देवी का दो टूक जवाब

वहीं दिल्ली से पटना लौटने के बाद राबड़ी देवी ने नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह आवास खाली नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार बंगला खाली कराना चाहती है तो फोर्स बुलाकर खाली करवा ले। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

पहले भी भेजा जा चुका है नोटिस

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब भवन निर्माण विभाग ने नोटिस जारी किया हो। करीब एक महीने पहले भी विभाग की ओर से आवास खाली करने का निर्देश दिया गया था। उस समय भी स्पष्ट किया गया था कि नेता प्रतिपक्ष के लिए निर्धारित आवास 39 हार्डिंग Road है और पुराने सरकारी बंगले को खाली करना जरूरी है।

शिफ्टिंग की प्रक्रिया जारी

सूत्रों के अनुसार, 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से सामान को चरणबद्ध तरीके से अन्य आवासों में शिफ्ट किया जा रहा है। हालांकि विभाग का कहना है कि अभी तक आवास पूरी तरह खाली नहीं हुआ है। ऐसे में अब सरकार और राबड़ी देवी के बीच यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।