आस्था और सनातन परंपरा से गूंजा राजगीर, मलमास मेले का हुआ आगाज

बिहार की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी राजगीर एक बार फिर आस्था, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठी है। रविवार को राजकीय राजगीर मलमास मेला-2026 ...

आस्था और सनातन परंपरा से गूंजा राजगीर, मलमास मेले का हुआ आगाज

बिहार की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी राजगीर एक बार फिर आस्था, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठी है। रविवार को राजकीय राजगीर मलमास मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं, साधु-संतों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ से गुलजार हो गया।

धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का जीवंत प्रतीक

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजगीर मलमास मेला बिहार की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल आस्था और पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, आवासन, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात जैसी सभी जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सुख, शांति और समृद्धि की कामना

मेले में बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना में भाग लेकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मेला परिसर में बनाई गई टेंट सिटी, चिकित्सा शिविर, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूले और अन्य आकर्षण लोगों के बीच खास उत्साह का केंद्र बने हुए हैं।

उद्घाटन के साथ ही राजगीर की पूरी धार्मिक नगरी भक्तिमय माहौल में डूब गई है। मंदिरों में घंटियों की गूंज, साधु-संतों के प्रवचन और श्रद्धालुओं की भीड़ ने मेले की आध्यात्मिक गरिमा को और भव्य बना दिया है। आने वाले दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के राजगीर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।