तपती गर्मी से राहत: बिहार में जल्द बारिश, तापमान में आएगी गिरावट
बिहार में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अगले 24 घंटों में मौसम यू-टर्न लेने वाला है, जिससे तापमान में गिरावट और बारिश की संभावना जताई ग...
बिहार में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अगले 24 घंटों में मौसम यू-टर्न लेने वाला है, जिससे तापमान में गिरावट और बारिश की संभावना जताई गई है।इस समय पूरे बिहार में गर्मी अपने चरम पर है। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। लेकिन अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शनिवार को अभी भी लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा, लेकिन अगले 24 घंटों में हालात बदल सकते हैं।
अधिकतर हिस्सों में बारिश होने की संभावना
पूर्वी चंपारण और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की शुरुआत होने की संभावना है, जो 26 अप्रैल तक पूरे उत्तरी बिहार में फैल जाएगी। इसका असर पटना सहित कई जिलों के तापमान पर दिखेगा, जहां पारा धीरे-धीरे नीचे आने लगेगा।27 अप्रैल को उत्तर और दक्षिण बिहार के अधिकतर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से और राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, भागलपुर, खगड़िया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया जैसे जिलों में भी बारिश के आसार हैं।
कई जिलों में लू और हिट वेव की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर किसानों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें।वहीं, शुक्रवार को राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। कई जगहों पर लू जैसे हालात रहे। रोहतास के डेहरी में सबसे अधिक 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा और शनिवार को भी इसके 40 डिग्री के ऊपर रहने की संभावना है। हालांकि रविवार से अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी।राज्य के कई जिलों में लू और हिट वेव की भी चेतावनी दी गई है।













