नालंदा में शर्मनाक वारदात: विवाहिता से सरेआम बदसलूकी, वीडियो बनाकर किया वायरल, 2 आरोपी गिरफ्तार
बिहार के नालंदा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता के साथ सरेआम दुर्व्यवहार किया गया और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना 26 मार्च की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई.....
बिहार के नालंदा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता के साथ सरेआम दुर्व्यवहार किया गया और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना 26 मार्च की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़िता किराने का सामान लेकर अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ जबरन दुर्व्यवहार करने की कोशिश की। जब महिला ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे अपमानित किया। यही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया।
वीडियो वायरल से मचा हड़कंप
घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए लेकिन भागने से पहले वे वीडियो अपने साथ ले गए और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।वायरल वीडियो में आरोपियों की अभद्र हरकतें और अपमानजनक भाषा साफ देखी जा सकती है, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया। मामले में पीड़िता के लिखित आवेदन पर नूरसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर दो मुख्य आरोपियों — अशोक यादव और मतलू महतो उर्फ नवनीत कुमार नरोत्तम को गिरफ्तार कर लिया है। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जयसवाल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी रविकांत कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस का बयान
नालंदा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि समाज और कानून-व्यवस्था के लिए एक गंभीर चेतावनी है। सरेआम इस तरह की घटनाएं और उनका वीडियो बनाकर वायरल करना, यह दर्शाता है कि अपराधियों में कानून का डर कम होता जा रहा है।अब जरूरत है कि न केवल दोषियों को कड़ी सजा मिले, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जमीनी स्तर पर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।













