भागलपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; ससुराल पक्ष फरार
भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के बहादुरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय अर्पणा कुमारी के रूप में हुई है। जो पटना डीएम के निजी ड्राइवर अनिल यादव की बेटी बताई जा रहीं हैं। परिजनों के मुताबिक अर्पणा की शादी 22 नवंबर 2024.....
भागलपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के बहादुरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय अर्पणा कुमारी के रूप में हुई है। जो पटना डीएम के निजी ड्राइवर अनिल यादव की बेटी बताई जा रहीं हैं। परिजनों के मुताबिक अर्पणा की शादी 22 नवंबर 2024 को बहादुरपुर निवासी सोनू कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल पक्ष द्वारा सोने की चेन, अंगूठी और चार पहिया वाहन की मांग की जा रही थी।
आधी रात को आई मौत की खबर
घटना की जानकारी परिजनों को तब मिली जब देर रात एक पड़ोसी ने फोन कर अर्पणा की मौत की सूचना दी। रात करीब 1 बजे खबर मिलने के बाद पिता ने दामाद को कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे तुरंत पटना से भागलपुर के लिए रवाना हो गए। सुबह करीब 9 बजे जब परिजन बहादुरपुर स्थित ससुराल पहुंचे, तो अर्पणा का शव बेड पर पड़ा मिला। हैरानी की बात यह रही कि घर के सभी सदस्य मौके से गायब थे, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया। ससुराल पक्ष का कहना है कि अर्पणा ने पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की। वहीं मृतका के पिता का दावा है कि बेटी के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं।
पति समेत कई पर केस दर्ज
मृतका के पिता ने पति, सास और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या और साजिश का मामला औद्योगिक थाने में दर्ज कराया है। उनका कहना है कि अर्पणा अक्सर अपनी मां को ससुराल में हो रही मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी देती थी।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
भागलपुर से रजनीकांत उपाध्याय की रिपोर्ट













