आज बिहार के हजारों शिक्षकों का सपना होगा साकार, पटना के गांधी मैदान में 51389 शिक्षकों को CM नीतीश देंगे नियुक्ति पत्र
आज बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत TRE-3 में पास शिक्षको को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। BPSC की ओर से आयोजित शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत टीआरई-3 में चयनित 51,389 विद्यालय शिक्षको को 9 मार्च रविवार को औपबंधिक नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इनमें से 10,739 शिक्षकों को पटना के गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होली के पहले यानी आज बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत TRE-3 में पास शिक्षको को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। आज 9 मार्च को पटना के गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया है। आज इस ऐतिहासिक नियुक्ति समारोह से बिहार के हजारों शिक्षकों का सपना साकार होगा। जिससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों नियुक्ति पत्र दिया जाएगा
दरअसल BPSC की ओर से आयोजित शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत टीआरई-3 में चयनित 51,389 विद्यालय शिक्षको को 9 मार्च रविवार को औपबंधिक नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इनमें से 10,739 शिक्षकों को पटना के गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। जहां मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी मंत्री लगभग 100 शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिलाधिकारियों को लिखा पत्र
मिली जानकारी के अनुसार गांधी मैदान में पटना, नालंदा, भोजपुर, जहानाबाद, अरवल, सारण, वैशाली और मुजफ्फरपुर के विद्यालय अध्यापकों को नियुक्ति पत्र बांटे जायेंगे। शेष 30 जिलों के शिक्षकों को नियुक्ति-पत्र उन्हीं जिलों में समारोह आयोजित कर दिए जायेंगे। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिख दिया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहेंगे शिक्षक-अधिकारी
बता दें कि पटना के मुख्य कार्यक्रम के समय ही अन्य जिलों में भी कार्यक्रम शुरू होंगे। जिला मुख्यालयों पर प्रस्तावित नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। जिलों में आयोजित नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक-अधिकारी गांधी मैदान के कार्यक्रम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहेंगे।
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
जानकारी के लिए बता दें कि रविवार को आयोजित इस समारोह को लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और जवानों को तय समय पर पहुंचने और भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ट्रैफिक एसपी को सुगम यातायात सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। शनिवार देर रात जिलाधिकारी (DM) डॉ. चंद्रशेखर सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अवकाश कुमार ने गांधी मैदान का निरीक्षण किया।