बिहार में महंगा होगा सफर? बस-ऑटो किराया बढ़ाने पर मंथन

बिहार में लगातार बढ़ती महंगाई का असर अब आम लोगों की यात्रा पर भी पड़ सकता है। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में प्राइवेट बसों और ऑटो का किराया जल्द बढ़ने की संभावना है। इसे लेकर...

बिहार में महंगा होगा सफर? बस-ऑटो किराया बढ़ाने पर मंथन

बिहार में लगातार बढ़ती महंगाई का असर अब आम लोगों की यात्रा पर भी पड़ सकता है। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में प्राइवेट बसों और ऑटो का किराया जल्द बढ़ने की संभावना है। इसे लेकर रविवार को पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस स्टैंड, रामाचक (बैरिया बस स्टैंड) में बिहार स्टेट मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन की अहम बैठक बुलाई गई है।

बस किराये में 15 फीसदी तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव..

बैठक में बस किराये में 15 फीसदी तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। फेडरेशन के प्रमंडलीय अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और वाहन संचालन से जुड़ी अन्य लागतों में इजाफा होने के कारण मौजूदा किराये पर बसों का संचालन करना मुश्किल हो गया है।

परिवहन विभाग से अनुमति

उन्होंने कहा कि बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद परिवहन विभाग से अनुमति मांगी जाएगी। हालांकि, अगर अनुमति मिलने में देरी होती है तो संगठन सोमवार या अगले कुछ दिनों में नया किराया लागू करने पर फैसला ले सकता है।

इधर, प्रगतिशील ऑटो रिक्शा चालक यूनियन ने भी ऑटो किराये में 30 फीसदी वृद्धि की मांग उठाई है। यूनियन के महासचिव नवीन मिश्रा ने कहा कि सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही नया किराया लागू किया जाएगा।

20 से 25 फीसदी किराया बढ़ाने की मांग

वहीं ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन ने भी सरकार के सामने 20 से 25 फीसदी किराया बढ़ाने की मांग रखने की बात कही है। संगठन का कहना है कि यह बढ़ोतरी सिर्फ बसों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि ऑटो, ई-रिक्शा और छोटे-बड़े ट्रकों की ढुलाई दरों पर भी लागू करने की मांग की जाएगी।

अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो बिहार में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ सकता है।