बिहार में सफर होगा आसान! 1640 रूट पर बनेंगे 800 नए हाईटेक बस स्टॉप

बिहार में सफर करने वाले आम यात्रियों के लिए अब इंतजार और परेशानी का दौर खत्म होने वाला है। परिवहन विभाग ने राज्य के गांव-गांव तक बस सेवा को आसान बनाने के लिए 1640 नए रूटों पर 800 आधुनिक बस स्टॉप बनाने का बड़ा फैसला लिया है। इस योजना से न सिर्फ यात्रियों को समय पर बस मिलेगी, बल्कि सफर अब पहले से ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक भी होगा। परिवहन विभाग से मिली जानकारी....

बिहार में सफर होगा आसान! 1640 रूट पर बनेंगे 800 नए हाईटेक बस स्टॉप

बिहार में सफर करने वाले आम यात्रियों के लिए अब इंतजार और परेशानी का दौर खत्म होने वाला है। परिवहन विभाग ने राज्य के गांव-गांव तक बस सेवा को आसान बनाने के लिए 1640 नए रूटों पर 800 आधुनिक बस स्टॉप बनाने का बड़ा फैसला लिया है। इस योजना से न सिर्फ यात्रियों को समय पर बस मिलेगी, बल्कि सफर अब पहले से ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक भी होगा। परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बस स्टॉप निर्माण के लिए बजट और प्रशासनिक मंजूरी दोनों मिल चुकी है। राजधानी पटना के साथ-साथ गया, भागलपुर, छपरा, दरभंगा, पूर्णिया, सीतामढ़ी और राजगीर जैसे प्रमुख शहरों में इन आधुनिक बस स्टॉप का जाल बिछाया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि दिसंबर से पहले सभी 800 बस स्टॉप का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि सर्दियों में यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खास ध्यान
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यात्रियों की सुरक्षा है। खासकर महिला और बुजुर्ग यात्रियों को ध्यान में रखते हुए हर बस स्टॉप पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को सीधे स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, ताकि देर रात या सुबह सफर करने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।अक्सर यात्री इस बात से परेशान रहते हैं कि बस कब आएगी। इस समस्या को खत्म करने के लिए हर बस स्टॉप पर कंप्यूटराइज्ड डिजिटल डिस्प्ले लगाया जाएगा। यहां बसों की लाइव लोकेशन और समय की जानकारी मिलती रहेगी। इससे यात्रियों का समय भी बचेगा और अनिश्चितता भी खत्म होगी। 

दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए भी खास व्यवस्था
नए बस स्टॉप को पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। दिव्यांगजनों के लिए विशेष रैंप और बुजुर्गों के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी, ताकि हर वर्ग के लोगों के लिए सफर आसान हो सके।सिर्फ यात्रियों ही नहीं, बल्कि बस ड्राइवरों का भी ख्याल रखा जा रहा है। परिवहन विभाग एक ऐसा प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसमें लंबी दूरी की बस चलाने वाले ड्राइवरों के ठहरने और आराम करने की सुविधा होगी। अधिकारियों का मानना है कि ड्राइवरों को पर्याप्त आराम मिलने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।