नेपाल की कस्टम नीति पर बवाल, सीमा क्षेत्रों में प्रदर्शन तेज
नेपाल में सरकार के एक फैसले ने सीमा क्षेत्रों में हलचल मचा दी है। बालेन शाह के निर्देश के बाद 100 नेपाली रुपये से अधिक कीमत वाले भारतीय...
नेपाल के सीमावर्ती शहर बीरगंज में नए कस्टम नियमों के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। नेपाल में सरकार के एक फैसले ने सीमा क्षेत्रों में हलचल मचा दी है। बालेन शाह के निर्देश के बाद 100 नेपाली रुपये से अधिक कीमत वाले भारतीय सामान पर टैक्स लगाने की सख्ती शुरू होते ही लोग सड़कों पर उतर आए हैं। सालों से खुले और आसान आवाजाही के लिए जानी जाने वाली भारत-नेपाल सीमा पर अब सख्ती बढ़ गई है, जिससे आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर पड़ रहा है।
सीमा पर सख्ती, लोगों में नाराजगी
बता दें कि बालेन शाह के आदेश के बाद नेपाल ने अपनी भंसार नीति यानि कस्टम ड्यूटी को सख्ती से लागू किया है।नई व्यवस्था लागू होते ही नेपाल की सशस्त्र पुलिस ने भारत से लगी सीमा चौकियों पर निगरानी बढ़ा दी है।हालांकि यह नियम पहले से मौजूद था, लेकिन व्यवहारिक कठिनाइयों के कारण इसे लागू नहीं किया जा रहा था। अब अचानक सख्ती से लोगों में आक्रोश फैल गया है।
बीरगंज में विरोध प्रदर्शन
बता दें कि सीमा से सटे शहर बीरगंज में स्थानीय लोगों ने इस फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया।सीमा क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि वे वर्षों से सस्ते सामान के लिए भारतीय बाजारों पर निर्भर रहे हैं और यह नियम उनके दैनिक जीवन को प्रभावित करेगा।
भारत-नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता है
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कस्टम ड्यूटी लगाने का ये फैसला आम नागरिकों पर सीधा असर डाल रहा है और इसे वापस लिया जाना चाहिए।उनका तर्क है कि भारत-नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता है, इसलिए घरेलू उपयोग के सामान पर छूट मिलनी चाहिए।वहीं नेपाली अधिकारियों का कहना है कि यह नियम नया नहीं है, बल्कि पहले से मौजूद था, जिसे अब सख्ती से लागू किया जा रहा है।इसके तहत सीमा पर कड़ी जांच की जा रही है और 100 रुपये से अधिक के सामान पर टैक्स लिया जा रहा है।
सीमा चौकियों पर निगरानी बढ़ा दी है
प्रशासन ने सीमा चौकियों पर निगरानी बढ़ा दी है, जहां यात्रियों के बैग की जांच की जा रही है और लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।सरकार का तर्क है कि उन्हें इसका पालन न होने की वजह से ज्यादा राजस्व नहीं मिलता। अब वे इस कदम से तस्करी पर अंकुश लगा सकेंगे और इससे सीमावर्ती शहरों के व्यापारियों को भी फायदा होने की उम्मीद है।नई सख्ती के तहत भारत में रजिस्टर्ड निजी वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाया गया है।बिना अनुमति नेपाल में प्रवेश नहीं मिलेगा।
बहुमत हासिल करके प्रधानमंत्री का पद संभाला है
आपको बता दें कि अभी हाल ही में बालेन शाह ने चुनावों में बहुमत हासिल करके प्रधानमंत्री का पद संभाला है। तब से उन्होंने बहुत से ऐसे फैसले किए हैं, जो लीक से हटकर है। इनमें से कुछ को जनता का समर्थन हासिल है लेकिन कस्टम ड्यूटी पर लोग भड़क गए हैं।













