बिहार में भीषण गर्मी का कहर: कई जिलों में पारा 40°C पार, स्कूल टाइमिंग में बदलाव
बिहार में गर्मी ने अप्रैल में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।बिहार में गर्मी का प्रकोप लगातार...
बिहार में गर्मी ने अप्रैल में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।बिहार में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को प्रदेश के 8 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। रोहतास के डेहरी में सबसे अधिक 43.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि कैमूर भी 43 डिग्री के करीब रहा। राजधानी पटना में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है।
कक्षा 5 तक के स्कूल दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे
वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए पटना प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। डीएम डॉ. त्यागराजन के आदेश के अनुसार 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कक्षा 5 तक के सभी स्कूल अब दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह आदेश सरकारी और निजी दोनों स्कूलों पर लागू होगा।मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। 21 अप्रैल को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। वहीं 24 और 25 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है आज
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी पटना में आज भी तेज धूप और लू जैसे हालात बने रहेंगे। दोपहर के समय तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।इस बीच बक्सर से चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां भीषण गर्मी के कारण कल यानी सोमवार को 10 छात्र बेहोश हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को बक्सर का तापमान 42 डिग्री के करीब रहा।पिछले 24 घंटे में बिहार के 11 जिलों में तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी
है।













