पटना में पीएचडी होल्डर्स का उग्र प्रदर्शन; आर ब्लॉक पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में तनातनी, लोकभवन मार्च रोका

सहायक प्रोफेसर भर्ती नियमों में बदलाव और अपनी लंबित मांगों को लेकर पटना की सड़कों पर पीएचडी धारकों का गुस्सा फूट पड़ा है। पिछले 19 दिनों से आमरण-अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों ने शनिवार को लोकभवन मार्च का आह्वान किया। प्रदर्शनकारी आर ब्लॉक चौराहे पर जमा होकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए डबल लेयर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन उग्र अभ्यर्थी बैरिकेड्स पर चढ़ गए और उन्हें तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी तनातनी हुई।

पटना में पीएचडी होल्डर्स का उग्र प्रदर्शन; आर ब्लॉक पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में तनातनी, लोकभवन मार्च रोका

DESWA DESK : सहायक प्रोफेसर भर्ती नियमों में बदलाव और अपनी लंबित मांगों को लेकर पटना की सड़कों पर पीएचडी धारकों का गुस्सा फूट पड़ा है। पिछले 19 दिनों से आमरण-अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों ने शनिवार को लोकभवन मार्च का आह्वान किया। प्रदर्शनकारी आर ब्लॉक चौराहे पर जमा होकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए डबल लेयर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन उग्र अभ्यर्थी बैरिकेड्स पर चढ़ गए और उन्हें तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी तनातनी हुई।

मांगों को लेकर बीते 19 दिनों से अनशन पर बैठे अभ्यर्थी कुमुद पटेल की तबीयत बिगड़ने पर वे व्हील चेयर पर ही प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने रोते हुए आरोप लगाया, सरकार चाहती है कि मैं मर जाऊं, लेकिन जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, लड़ाई जारी रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से पटना प्रशासन ने आर ब्लॉक से पटना जंक्शन जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से सील कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौराहे पर वाटर कैनन की गाड़ियां तैनात की गईं और आर ब्लॉक से लेकर राजभवन तक सौ से अधिक पुलिस जवानों व मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी मुख्य रूप से विश्वविद्यालय और कॉलेजों में प्रोफेसर की नियुक्ति प्रक्रिया में यूजीसी के मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही, लंबे समय से बहाली न आने के कारण अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने की भी मांग की जा रही है। वहीं, राज्य सरकार द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया में लाए जा रहे नए बदलावों को भी वापस लेने की मांग अभ्यर्थी कर रहे हैं।

आंदोलनकारी अभ्यर्थियों को अब विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और शिक्षक संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा है। आर ब्लॉक पर जारी हंगामे और प्रदर्शन के बीच अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से वार्ता के लिए भेजा गया है। हालांकि, प्रतिनिधिमंडल की बातचीत पूरी होने तक अभ्यर्थी आर ब्लॉक चौराहे पर डटे रहे।