पहाड़ों की बर्फबारी का असर! बिहार में कड़ाके की ठंड, 28 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब बिहार में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। राज्यभर में ठंडी पछुआ हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को बिहार के 28 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 10 जिलों.....
पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब बिहार में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। राज्यभर में ठंडी पछुआ हवाओं के साथ कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को बिहार के 28 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 10 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे को लेकर यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
धूप भी कोहरे के आगे बेबस
वहीं रविवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में दिनभर धूप नहीं निकली। जहां कहीं हल्की धूप नजर आई भी, वहां घने कुहासे के सामने उसकी चमक फीकी पड़ती दिखी। पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया में पूरे दिन कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान महज 14.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 3.9 डिग्री का अंतर रहा, जो ठंड की तीव्रता को दर्शाता है। वहीं राजधानी पटना में आज भी ठंड का असर बरकरार रहेगा। यहां सुबह और देर रात घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। सोमवार को भी पटना समेत 20 जिलों में घना कुहासा छाने की संभावना है। हालांकि, पटना में दोपहर में हल्की धूप निकलने की संभावना है।
मुजफ्फरपुर सबसे ठंडा
बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार राज्य का सबसे ठंडा जिला मुजफ्फरपुर रहा, जहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच केवल 1.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे दिनभर कंपकंपी बनी रही।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जिन 28 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है। कई इलाकों में दृश्यता 100 मीटर से भी नीचे जा सकती है। वहीं गया समेत 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।सबसे घना कोहरा वाल्मीकिनगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। इससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा।
अगले एक हफ्ते तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन ठिठुरन कम होने की उम्मीद नहीं है। सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर बरकरार रहेगा।रविवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान छपरा में 8.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे अधिक शेखपुरा में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।













