मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड में खड़ी बस में भीषण आग, लोगों ने जेसीबी से बालू डालकर टाला बड़ा हादसा
मुजफ्फरपुर शहर के व्यस्ततम बैरिया बस स्टैंड परिसर में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक खड़ी बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार ने पूरी बस को अपनी आगोश में ले लिया। आग की विकरालता देख बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
DESWA DESK : मुजफ्फरपुर शहर के व्यस्ततम बैरिया बस स्टैंड परिसर में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक खड़ी बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार ने पूरी बस को अपनी आगोश में ले लिया। आग की विकरालता देख बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आग इतनी तेजी से भड़की कि पास खड़ी अन्य दर्जनों बसों पर भी जलने का खतरा मंडराने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और बस स्टैंड कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। तुरंत जेसीबी की मदद से बालू मंगवाकर जलती बस पर डालना शुरू किया गया। इस त्वरित प्रयास से आग की लपटें धीमी पड़ीं और आसपास खड़े अन्य वाहनों को समय रहते सुरक्षित हटा लिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। सबसे राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्राथमिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह बस में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













