बांकीपुर उपचुनाव : सुस्त मतदान के बीच जन सुराज और बीजेपी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, फर्जी वोटिंग पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी

राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के दौरान मतदान की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। दोपहर तीन बजे तक महज 27.90 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है, जो साल 2025 के मुख्य विधानसभा चुनाव के मुकाबले लगभग दस प्रतिशत कम है। सुस्त मतदान के साथ-साथ कई इलाकों से राजनीतिक झड़प और आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर भी गरमा गया है।

बांकीपुर उपचुनाव : सुस्त मतदान के बीच जन सुराज और बीजेपी कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, फर्जी वोटिंग पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी

DESWA DESK : राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के दौरान मतदान की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। दोपहर तीन बजे तक महज 27.90 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है, जो साल 2025 के मुख्य विधानसभा चुनाव के मुकाबले लगभग दस प्रतिशत कम है। सुस्त मतदान के साथ-साथ कई इलाकों से राजनीतिक झड़प और आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर भी गरमा गया है।

यह सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है, जहां भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर समेत कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के दौरान आनंदपुरी और मीठापुर इलाकों में जन सुराज और बीजेपी के समर्थक आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी झड़प हुई। आनंदपुरी में स्थिति बिगड़ते देख जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने खुद दखल देकर मामले को शांत कराया।

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया है कि पुलिस उनके पोलिंग एजेंटों और कार्यकर्ताओं को डरा-धमका रही है तथा जन सुराज के हेल्प डेस्क हटाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि एक रात पहले भी जन सुराज ने अपने 20 कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा उठाए जाने का आरोप लगाकर थाने पर हंगामा किया था।  वहीं, राजनीतिक तपिश के बीच भाजपा के प्रदेश महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर के रिटर्निंग अफसर (आरओ) को पत्र लिखकर जन सुराज पार्टी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 

भाजपा का आरोप है कि जन सुराज के कार्यकर्ता फर्जी वोटिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी ओर, राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने जीत का दावा करते हुए कहा कि यह चुनाव बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदान प्रक्रिया में बाधा डाल रही है और बूथों पर अनधिकृत आईडी कार्ड के साथ अपने एजेंटों को बैठा रही है। इधर, जदयू विधायक श्याम रजक ने दावा किया कि यह चुनाव एकतरफा है और एनडीए की जीत तय है। 

दोपहर तीन बजे तक 27.90 फीसदी मतदान हुआ है। जबकि 2025 में तीन बजे तक 37.02 फीसदी मतदान हुआ था। सभी 422 बूथों पर अर्धसैनिक बल के  जवान तैनात किए गए हैं। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है। 422 मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों के अलावा करीब पांच हजार पुलिस जवान मुस्तैद हैं। कंट्रोल रूम में 72 अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात रखा गया है।

इसके बावजूद आनंदपुरी और मीठापुर में बीजेपी और जन सुराज समर्थकों में हल्की भिड़ंत और फर्जी वोटिंग के आरोप-प्रत्यारोप लग रहे हैं। बता दें कि सवेरे पटना के कई इलाकों में हुई हल्की बारिश के कारण मतदान की शुरुआत धीमी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई। हालांकि बांकीपुर वैसे भी कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में गिना जाता है और 2025 के विधानसभा चुनाव में भी यहां 41 फीसदी ही वोट ही पड़े थे।