बिलौटी एनकाउंटर पर भड़का भोजपुर : पीएमसीएच से भरत तिवारी का शव आते ही आरा-बक्सर फोरलेन जाम, पुलिस पर पथराव 

भोजपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर ने अब एक भयानक जनाक्रोश का रूप ले लिया है। पुलिस और जनता के बीच ठन गई है और पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो चुका है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि आत्मसमर्पण के बाद की गई हत्या है।

बिलौटी एनकाउंटर पर भड़का भोजपुर : पीएमसीएच से भरत तिवारी का शव आते ही आरा-बक्सर फोरलेन जाम, पुलिस पर पथराव 

DESWA DESK : भोजपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर ने अब एक भयानक जनाक्रोश का रूप ले लिया है। पुलिस और जनता के बीच ठन गई है और पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो चुका है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि आत्मसमर्पण के बाद की गई हत्या है।

भोजपुर के बिलौटी गांव में मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी की मौत का मामला अब महज एक पुलिसिया कार्रवाई नहीं, बल्कि एक सुलगता हुआ जनविवाद बन गया है। गुरुवार की सुबह जैसे ही पीएमसीएच से पोस्टमार्टम के बाद भरत का शव कड़ी सुरक्षा के बीच बिलौटी गांव पहुंचा, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित हजारों की भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर आरा-बक्सर फोरलेन (एनएच-84) को पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान उग्र भीड़ और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव गहरा गया है।

सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों का आरोप बेहद संगीन है। उनका कहना है कि भरत तिवारी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने कानून को ताक पर रखकर उसे बेहद करीब से गोली मार दी। घटना के विरोध में महिलाओं और युवाओं समेत भारी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। बिलौटी के आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि यह कोई मुठभेड़ नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है। जब उसने सरेंडर कर दिया था, तो कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए थी, न कि सीधे गोली दाग दी जानी चाहिए थी। 

जाम हटाने और उग्र भीड़ को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। आत्मरक्षार्थ और स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने भी हल्का बलप्रयोग किया, जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने लाठियां चटकाकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने की कोशिश की, जिससे कई लोग चोटिल भी हुए हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल और वज्र वाहन को तुरंत बिलौटी भेजा गया। मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं। अधिकारी लगातार आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने-बुझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन ग्रामीण दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। पूरे शाहपुर और बिलौटी इलाके में इस वक्त सन्नाटा और तनाव पसरा हुआ है। पुलिस इस मामले में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है ताकि स्थिति और न बिगड़े।