खान समेत कई रसूखदार पर आपराधिक साजिश का आरोप, रौशन आनंद ने पुलिस को दे दिया बड़ा अल्टीमेटम

रौशन आनंद ने अपने छोटे भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के मामले में सीधे तौर पर खान ग्लोबल स्टडीज के कर्ताधर्ता फैजल खान उर्फ खान सर, रामाशंकर प्रसाद और कन्हैया कुमार सिंह समेत कई अन्य रसूखदार लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। रौशन आनंद ने आरोप लगाया है कि इन सबने मिलकर उनके खिलाफ एक गहरी आपराधिक साजिश रची है।

खान समेत कई रसूखदार पर आपराधिक साजिश का आरोप, रौशन आनंद ने पुलिस को दे दिया बड़ा अल्टीमेटम

DESWA DESK : राजधानी पटना के कदमकुआं थाने में एक लिखित आवेदन ने बिहार के कोचिंग सिंडिकेट और पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद ने अपने छोटे भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के मामले में सीधे तौर पर खान ग्लोबल स्टडीज के कर्ताधर्ता फैजल खान उर्फ खान सर, रामाशंकर प्रसाद और कन्हैया कुमार सिंह समेत कई अन्य रसूखदार लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। रौशन आनंद ने आरोप लगाया है कि इन सबने मिलकर उनके खिलाफ एक गहरी आपराधिक साजिश रची है।

कदमकुआं थाने को दिए गए अपने शिकायती पत्र में रौशन आनंद ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत कोई सामान्य घटना नहीं है। उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा गया ताकि उनका कोचिंग संस्थान बर्बाद किया जा सके। इतना ही नहीं, जब वे जेल के भीतर थे, तब वहां भी उन्हें जान से मारने की बकायदा कोशिश की गई थी। रौशन आनंद ने कहा कि मेरे भाई की मौत, मुझे झूठे केस में फंसाना और जेल के भीतर मेरी हत्या का प्रयास, यह सब एक सोची-समझी क्रिमिनल कॉन्स्पिरेसी (आपराधिक षड्यंत्र) का हिस्सा है। इसके पीछे खान सर और उनके सहयोगी शामिल हैं।

इस मामले में रौशन आनंद और उनके समर्थकों का रुख बेहद कड़ा है। उन्होंने पटना पुलिस को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार की दोपहर 12 बजे तक नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। इसके बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और आंदोलन की शुरुआत की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

लोकप्रिय शिक्षकों में शुमार खान सर पर इस तरह के संगीन आरोप लगने के बाद पुलिस बैकफुट पर है और बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। कदमकुआं थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पटना के कोचिंग हब कहे जाने वाले इस इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की सतर्कता भी बढ़ा दी गई है। अब देखना यह है कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे की समयसीमा से पहले पुलिस क्या कदम उठाती है।