बांकीपुर से बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक बंटी ने किया नामांकन, विपक्ष पर साधा निशाना; प्रदेश अध्यक्ष की जुबान फिसली, कैंडिडेट को कहते रहे आशीष

चुनावी मैदान में उतरने से ठीक पहले अभिषेक ने अपनी मां के पैर छूकर जीत का आशीर्वाद लिया। नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विपक्ष और प्रशांत किशोर की पार्टी पर सीधा हमला बोला। अभिषेक ने दोटूक शब्दों में कहा कि बांकीपुर में पीके (प्रशांत किशोर) हमारे लिए कोई चुनौती नहीं हैं। जनता एनडीए के विकास कार्यों के साथ है।

बांकीपुर से बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक बंटी ने किया नामांकन, विपक्ष पर साधा निशाना; प्रदेश अध्यक्ष की जुबान फिसली, कैंडिडेट को कहते रहे आशीष

DESWA DESK : पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। चुनावी मैदान में उतरने से ठीक पहले अभिषेक ने अपनी मां के पैर छूकर जीत का आशीर्वाद लिया। नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विपक्ष और प्रशांत किशोर की पार्टी पर सीधा हमला बोला। अभिषेक ने दोटूक शब्दों में कहा कि बांकीपुर में पीके (प्रशांत किशोर) हमारे लिए कोई चुनौती नहीं हैं। जनता एनडीए के विकास कार्यों के साथ है।

इस मौके पर एनडीए की एकजुटता दिखाने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और लोजपा (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहीं। नामांकन के दौरान उस समय एक बेहद असहज और दिलचस्प स्थिति पैदा हो गई जब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अपने ही कैंडिडेट का सही नाम भूल गए।

 वह बार-बार भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार को आशीष कहकर संबोधित करते रहे। प्रदेश अध्यक्ष की इस चूक से वहां मौजूद नेता और कार्यकर्ता एक-दूसरे का मुंह ताकने लगे। हालांकि बाद में नेताओं ने दबी जुबान में स्थिति को संभाला, लेकिन तब तक यह वाकया चर्चा का विषय बन चुका था।

दरअसल, आशीष सिन्हा कुम्हरार के पूर्व भाजपा विधायक अरुण सिन्हा के बेटे हैं। बांकीपुर सीट से टिकट के लिए आशीष सिन्हा भी लगातार दावेदारी ठोक रहे थे और राजनीतिक गलियारों में उनके नाम की भी भारी चर्चा थी। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि इसी आंतरिक खींचतान और दबाव के चलते प्रदेश अध्यक्ष की जुबान फिसल गई।

भले ही मंच पर नाम को लेकर थोड़ी असहजता दिखी, लेकिन एनडीए नेताओं ने बांकीपुर सीट पर प्रचंड जीत का दावा किया है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि बांकीपुर की जनता हमेशा से विकास और एनडीए के राष्ट्रवाद के साथ रही है, और इस बार भी बांकीपुर में रिकॉर्ड मतों से कमल खिलेगा।