सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, बोले—व्यक्तिगत हमले हुए तो जवाब भी उसी स्तर पर मिलेगा
सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया। विश्वास मत ध्वनिमत से पारित हो गया, जिसके बाद स्पीकर प्रेम कुमार ने नई सरकार को बधाई दी। इस दौरान सत्ता पक्ष पूरी तरह एकजुट नजर ....
सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया। विश्वास मत ध्वनिमत से पारित हो गया, जिसके बाद स्पीकर प्रेम कुमार ने नई सरकार को बधाई दी। इस दौरान सत्ता पक्ष पूरी तरह एकजुट नजर आया, जबकि विपक्ष संख्या बल के आगे कमजोर पड़ता दिखा।बहुमत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके नाम, उम्र और एफिडेविट को लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह भ्रामक और बेबुनियाद हैं।
हर बार मैं कानूनी लड़ाई जीतकर आगे बढ़ा हूं
सीएम ने सदन में कहा,अगर मैं नाबालिग होता तो क्या 1995 में मुझे जेल में रखा जाता या बाल सुधार गृह भेजा जाता? मेरे सभी मामले लोअर कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक गए हैं और हर बार मैं कानूनी लड़ाई जीतकर आगे बढ़ा हूं। एफिडेविट विवाद पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि जिन डिग्री या दस्तावेजों का सत्यापन यूजीसी या संबंधित विश्वविद्यालय से नहीं हुआ था, उन्हें शपथ पत्र में शामिल नहीं किया गया।
उनकी योग्यता और दस्तावेज पूरी तरह पारदर्शी
उन्होंने बताया कि 1999 में पहली बार मंत्री बनने से लेकर अब मुख्यमंत्री बनने तक, 27 साल के राजनीतिक जीवन में उनकी योग्यता और दस्तावेज पूरी तरह पारदर्शी रहे हैं। वहीं तेजस्वी यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा,जो व्यक्ति अपने परिवार में सम्मान नहीं देता, वह दूसरों को सम्मान का पाठ न पढ़ाए। अगर व्यक्तिगत हमले होंगे तो जवाब भी उसी स्तर पर मिलेगा।
अन्याय के खिलाफ खड़े होना उनका उद्देश्य है
वहीं अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में हुए अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण राजनीति में आए। उन्होंने कहा कि राजद के कथित कुशासन के खिलाफ लड़ना ही उनकी राजनीति की नींव रही है और अन्याय के खिलाफ खड़े होना उनका उद्देश्य है।सीएम सम्राट चौधरी ने सदन में यह भी स्पष्ट किया कि सत्ता किसी एक परिवार या व्यक्ति की जागीर नहीं होती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पद उन्हें 14 करोड़ बिहारवासियों के आशीर्वाद से मिला है, यह किसी की बपौती नहीं है।













