पटना की हॉट सीट बांकीपुर में बीजेपी ने झोंकी ताकत, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल आएंगे पटना, बनाएंगे बड़ी जीत की रणनीति

गढ़ को सुरक्षित रखने और जीत की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नौ जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर पटना आ रहे हैं। नितिन नवीन के ही राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी। आगामी 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए बांकीपुर का मैदान सज चुका है। 

पटना की हॉट सीट बांकीपुर में बीजेपी ने झोंकी ताकत, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल आएंगे पटना, बनाएंगे बड़ी जीत की रणनीति

DESWA DESK : बिहार की सबसे हाईप्रोफाइल और हॉट सीट मानी जाने वाली पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर अभिषेक कुमार बंटी को अपना उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है। चूंकि यह सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ रही है, इसलिए पार्टी के लिए यह प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुकी है।

इस गढ़ को सुरक्षित रखने और जीत की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नौ जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर पटना आ रहे हैं। नितिन नवीन के ही राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी। आगामी 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए बांकीपुर का मैदान सज चुका है। 

इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। क्योंकि जन सुराज ने खुद प्रशांत किशोर को मैदान में पूरे दमखम के साथ उतारा है। वहीं, राजद ने रेखा गुप्ता को महागठबंधन की ओर से मजबूत दावेदार के रूप में मैदान में उतारा है। लिहाजा, भाजपा किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और खुद नितिन नवीन जीत की रणनीति बनाने पटना आ रहे हैं। 

भाजपा अध्यक्ष का बांकीपुर उपचुनाव की घोषणा के बाद यह पहला बिहार दौरा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उनका दो दिवसीय कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। नौ जुलाई को पटना पहुंचते ही सबसे पहले प्रसिद्ध महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद, भाजपा प्रत्याशी अभिषेक बंटी के समर्थन में स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। 

चर्चा है कि वह प्रत्याशी के नामांकन में भी शामिल हो सकते हैं। शाम को बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर कोर कमेटी की बैठक करेंगे। जबकि दस जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर एनडीए के जिलाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक होनी है। नितिन नवीन इस बैठक में शामिल होकर जमीनी फीडबैक लेंगे। दस जुलाई की शाम को ही वे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

बांकीपुर सीट भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। नितिन नवीन ने खुद यहां से 5 बार प्रतिनिधित्व किया है। अब उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और सीट खाली होने के बाद विपक्ष इस किले में सेंध लगाने की ताक में है। यही वजह है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व खुद इस उपचुनाव की कमान अपने हाथों में ले रहा है। 30 जुलाई को होने वाले इस चुनाव के नतीजे न सिर्फ बांकीपुर का भविष्य तय करेंगे, बल्कि राज्य की आगामी राजनीतिक दिशा और दशा का भी संकेत देंगे। फिलहाल, नितिन नवीन के इस दौरे से बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।