मधुबनी में दुस्साहस : चेकिंग के दौरान तीन अपराधियों ने एएसआई को मारा चाकू, रहिका थाने से कुछ ही दूरी पर वारदात

मधुबनी में अपराधियों ने एक बार फिर खाकी को चुनौती दी है। मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक एएसआई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मधुबनी में दुस्साहस : चेकिंग के दौरान तीन अपराधियों ने एएसआई को मारा चाकू, रहिका थाने से कुछ ही दूरी पर वारदात

DESWA DESK : मधुबनी में अपराधियों ने एक बार फिर खाकी को चुनौती दी है। मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक एएसआई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि रहिका थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर गुरुवार की देर रात एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को जब रोका गया तो युवकों में से एक ने रहिका थाने में तैनात एएसआई रूपक कुमार पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। चाकू एएसआई के कमर के नीचे लगी है, जिससे वह घायल हो गए। 

एएसआई रूपक कुमार एक चौकीदार के साथ बाइक पर सवार होकर क्षेत्र में निकले थे। थाने से कुछ ही दूरी पर उन्होंने एक बाइक पर तीन युवकों को सवार देखा। ट्रिपल लोडिंग के कारण पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान युवक एएसआई से उलझ गए और देखते ही देखते एक युवक ने चाकू निकालकर एएसआई पर हमला कर दिया।

इस घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हैं। चर्चा यह भी है कि बदमाशों ने एएसआई और चौकीदार के साथ छिनतई की वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि रहिका थानाध्यक्ष ने आधिकारिक तौर पर छिनतई की बात से साफ इनकार किया है। दूसरी ओर एएसआई और चौकीदार के सादे कपड़ों में होने के कारण वाहन चेकिंग के दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामला आपसी विवाद से भी जुड़ा हो सकता है। करीब 15 दिन पहले इसी मार्ग पर एक युवक के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस अब इस हमले को उस पुराने विवाद से जोड़कर भी देख रही है।

चिकित्सकों ने बताया कि एएसआई रूपक कुमार की हालत गंभीर नहीं है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। इस पूरे मामले पर घायल एएसआई खुद कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार तीनों युवकों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा करेगी।