सीएम का बड़ा एलान : कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित नहीं रहेगा; गरीब-वंचित वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित नहीं रहेगा। छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थियों को अभियान चलाकर योजना से जोड़ा जाएगा। गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की दस तारीख को बिहार पेंशन दिवस मनाया जाएगा।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित नहीं रहेगा। छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थियों को अभियान चलाकर योजना से जोड़ा जाएगा। गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की दस तारीख को बिहार पेंशन दिवस मनाया जाएगा।
आज मुख्यमंत्री ने 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण किया। उन्होंने कहा कि सभी सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह की दस तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी। इसके तहत आज तीनों राज्य पेंशन योजना में माह जून 2026 तथा तीनों एनएसएपी पेंशन योजना में माह मई एवं जून-2026 की राशि सम्मिलित है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी जुड़े हुए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह एवं तकनीक आधारित जनकल्याणकारी व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग एवं समाज के वंचित वर्गों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर कार्यक्रम तथा पंचायत विकास दिवस के अवसर पर लोगों से संवाद कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी के पात्र लाभार्थी छूटे नहीं, इसके लिए उन्होंने अभियान चलाने का भी निर्देश जिलाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जिनका आधार कार्ड लिंक नहीं है उनका आधार जल्द लिंक कराएं। उन्होंने कहा कि पेंशन वितरण समयबद्ध, पारदर्शी और शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक के सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास को सशक्त करना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि चार सौ रुपये से बढ़ाकर 11 सौ रूपये किये जाने से लोगों के जीवन में बदलाव आया है। गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान समाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ. प्रीति ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।













