सिवान जिले के तरवारा बाजार में फाइनेंसकर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को दिया अंजाम
सिवान जिले के जीबीनगर थाना क्षेत्र के व्यस्तम तरवारा बाजार में बेखौफ अपराधियों ने आज बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक फाइनेंसकर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी है। अपराधियों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां दागकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे फाइनेंसकर्मी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।
DESWA DESK : सिवान जिले के जीबीनगर थाना क्षेत्र के व्यस्तम तरवारा बाजार में बेखौफ अपराधियों ने आज बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक फाइनेंसकर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी है। अपराधियों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां दागकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे फाइनेंसकर्मी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार फाइनेंसकर्मी तरवारा बाजार और आसपास के क्षेत्रों से समूह ऋण की किस्तों की वसूली करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने बेहद करीब से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। चार गोलियां लगने के बाद फाइनेंसकर्मी लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से तरवारा बाजार में अफरातफरी मच गई और दुकानदारों ने डर के मारे अपनी दुकानें बंद कर लीं। घटना की सूचना मिलते ही जीबीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने कलेक्शन के पैसों की लूटपाट का विरोध करने पर इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात के बाद आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दी गई है। अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों और तरवारा बाजार के प्रमुख प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की शिनाख्त की जा सके। सिवान में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।













