अब सिक्स लेन पर फर्राटा भरने को रहें तैयार, जानिए 19.76 किलोमीटर लंबे इस गंगा पुल की विशेषता

पटना जिले के राष्ट्रीय उच्चपथ-30 पर स्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिले के राष्ट्रीय उच्चपथ-103 पर स्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 किमी लंबाई के सिक्स लेन ग्रीनफिल्ड पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 9.76 किलोमीटर लंबा पुल तथा 10 किलोमीटर लंबा पहुंच पथ का निर्माण कार्य शामिल है। इस परियोजना का 98.2 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। प्रथम चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा (कुल लंबाई 4.57 किमी) का उद्घाटन किया जा चुका है। 

अब सिक्स लेन पर फर्राटा भरने को रहें तैयार, जानिए 19.76 किलोमीटर लंबे इस गंगा पुल की विशेषता

DESWA DESK : कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल शीघ्र ही पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा। इसका 98 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और प्रथम चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा इसका उद्घाटन किया जा चुका है। परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लेने के दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने परियोजना के मुख्य पुल के साथ-साथ दोनों तरफ बन रहे एप्रोच रोड सहित अन्य व्यवस्थाओं की वर्तमान स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

मौके पर मौजूद पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल एवं बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड के अभियंताओं ने मुख्य सचिव को बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्यों को गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए तेजी से पूरा किया जा रहा है और परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शेष कार्य को इस साल जुलाई के पहले सप्ताह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। वर्तमान में पुल पर फिनिशिंग कार्यों के साथ-साथ एक्सपेंशन जॉइंट्स की स्ट्रेसिंग और अन्य तकनीकी कार्य चल रहे हैं। 

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजना से जुड़े अभियंताओं को निर्देश दिए कि अंतिम चरण के कार्यों में कोई ढिलाई न बरती जाए। वरीय अधिकारी इसकी रोजाना मॉनिटरिंग करें। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें ताकि आम जनता के लिए इस मार्ग को शीघ्र खोला जा सके। उन्होंने बताया कि बिहार के परिवहन बुनियादी ढांचे के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जो राजधानी पटना और उत्तर बिहार के बीच कनेक्टिविटी को पूरी तरह से बदल देगी।

पटना जिले के राष्ट्रीय उच्चपथ-30 पर स्थित कच्ची दरगाह एवं वैशाली जिले के राष्ट्रीय उच्चपथ-103 पर स्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर कुल 19.76 किमी लंबाई के सिक्स लेन ग्रीनफिल्ड पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 9.76 किलोमीटर लंबा पुल तथा 10 किलोमीटर लंबा पहुंच पथ का निर्माण कार्य शामिल है। इस परियोजना का 98.2 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। प्रथम चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा (कुल लंबाई 4.57 किमी) का उद्घाटन किया जा चुका है। 

यह सिक्स लेन पुल पटना के सबलपुर को एनएच-103 (बिदुपुर) से जोड़ता है, पटना-बख्तियारपुर बाईपास एनएच-30 से सीधे जुड़ा होगा। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल का निर्माण पूरा होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से निर्बाध सड़क संपर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में इलाज के लिए पटना पहुंचने में मरीजों को भी काफी सुविधा होगी।

यह परियोजना न केवल गंगा नदी को पार करने का एक सुगम मार्ग प्रदान करेगा, बल्कि हाजीपुर और समस्तीपुर की ओर जाने वाले यातायात को भी सुगम बनाएगा। यह मेगा प्रोजेक्ट पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाएगा। यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और विकास को नई रफ्तार मिलेगी। सिक्स लेन पुल बिदुपुर तक शुरू किए जाने के बाद गांधी सेतु पर दबाव कम होगा।