बड़ी कार्रवाई : स्मैक तस्करी की जब्त रकम हड़पने वाले SI पवन चौधरी बर्खास्त, पूर्णिया SP की जांच रिपोर्ट पर IG का कड़ा एक्शन

पूर्णिया पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। स्मैक तस्करों के खिलाफ छापेमारी के दौरान जब्त की गई नकद राशि में हेराफेरी करने के आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पवन कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पूर्णिया रेंज के आईजी विवेकानंद ने एसपी स्वीटी सहरावत की जांच रिपोर्ट और अनुशंसा के आधार पर यह कड़ा फैसला लिया है।

बड़ी कार्रवाई : स्मैक तस्करी की जब्त रकम हड़पने वाले SI पवन चौधरी बर्खास्त, पूर्णिया SP की जांच रिपोर्ट पर IG का कड़ा एक्शन
आईजी विवेकानंद

DESWA DESK : पूर्णिया पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। स्मैक तस्करों के खिलाफ छापेमारी के दौरान जब्त की गई नकद राशि में हेराफेरी करने के आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पवन कुमार चौधरी को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पूर्णिया रेंज के आईजी विवेकानंद ने एसपी स्वीटी सहरावत की जांच रिपोर्ट और अनुशंसा के आधार पर यह कड़ा फैसला लिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मामला 18 मई 2024 का है, जब सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार चौधरी पूर्णिया के धमदाहा थाने में तैनात थे। गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने स्मैक तस्करों के ठिकाने पर छापेमारी की थी। इस दौरान भारी मात्रा में स्मैक के साथ-साथ मोटी रकम भी जब्त की गई थी। आरोप है कि SI पवन चौधरी ने कानून की धज्जी उड़ाते हुए जब्त की गई राशि का एक बड़ा हिस्सा सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज करने के बजाय खुद हजम कर लिया। मामले की भनक जब आला अधिकारियों को लगी, तो हड़कंप मच गया।

शुरुआती शिकायत के बाद पूर्णिया एसपी स्वीटी सहरावत ने इस पूरे मामले की विभागीय जांच का जिम्मा संभाला। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर SI पवन चौधरी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप शत-प्रतिशत सही पाए गए। जब्त राशि में हेराफेरी का गंभीर मामला साबित होने पर एसपी ने आरोपी अधिकारी को सेवा से बर्खास्त करने की अनुशंसा आईजी को भेजी थी। इसके बाद कटिहार के प्राणपुर थाना में जहां वे तैनात थे, वहीं बर्खास्तगी का आदेश पहुंच गया। इस घटना के समय उनकी पोस्टिंग पूर्णिया के धमदाहा थाना में थी।

बता दें कि घटना के बाद पवन कुमार चौधरी का तबादला कटिहार जिले के प्राणपुर थाने में कर दिया गया था। वह अपनी नई जगह पर ड्यूटी कर रहे थे, इसी बीच पूर्णिया से आए इस फैसले ने उनके पुलिस करियर पर हमेशा के लिए पूर्णविराम लगा दिया। पूर्णिया रेंज के आईजी और एसपी की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि खाकी पर दाग लगाने वाले चाहे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उनके खिलाफ एक्शन लेने में पुलिस पीछे नहीं हटेगी। पूर्णिया रेंज के आईजी विवेकानंद ने कहा कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। खाकी की आड़ में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई अन्य पुलिसकर्मियों के लिए एक सख्त नसीहत है।