सारण में एनआईए की बड़ी कार्रवाई; परसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद के आवास पर छापेमारी, पूछताछ के लिए बेटे को हिरासत में लिया

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार देर शाम सारण जिले के परसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद आयशा खातून के आवास पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली और पटना से पहुंची एनआईए की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) के साथ मिलकर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। लगभग चार घंटे तक चली इस गहन तलाशी अभियान के बाद टीम मुख्य पार्षद के बेटे और वार्ड पार्षद मो. करमुल्लाह अंसारी को हिरासत में लेकर अपने साथ पटना ले गई।

सारण में एनआईए की बड़ी कार्रवाई; परसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद के आवास पर छापेमारी, पूछताछ के लिए बेटे को हिरासत में लिया

DESWA DESK : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार देर शाम सारण जिले के परसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद आयशा खातून के आवास पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। दिल्ली और पटना से पहुंची एनआईए की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) के साथ मिलकर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। लगभग चार घंटे तक चली इस गहन तलाशी अभियान के बाद टीम मुख्य पार्षद के बेटे और वार्ड पार्षद मो. करमुल्लाह अंसारी को हिरासत में लेकर अपने साथ पटना ले गई।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने मुख्य पार्षद के आवास की ओर जाने वाले सभी मुख्य रास्तों को पूरी तरह से सील कर दिया था। किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। जांच टीम ने घर के अंदर मौजूद परिजनों से गहन पूछताछ की और डिजिटल उपकरणों व दस्तावेजों को खंगाला। हालांकि इस पूरी कार्रवाई पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने अनभिज्ञता जताते हुए आधिकारिक पुष्टि करने से इनकार किया है।

सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार एनआईए की यह कार्रवाई अवैध हथियारों की तस्करी और संदिग्ध टेरर फंडिंग से जुड़ी जांच का हिस्सा है। आशंका जताई जा रही है कि यह तार अत्याधुनिक हथियारों एके-47 के पुर्जों की सप्लाई नेटवर्क और पूर्व में मुजफ्फरपुर से उजागर हुए हथियार बरामदगी मामले से जुड़े हो सकते हैं।

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब यह आवास एनआईए के रडार पर आया है। इससे पहले 18 दिसंबर 2024 को भी एनआईए की पांच सदस्यीय टीम ने इसी परिसर में मैराथन छापेमारी की थी। उस समय भी टीम ने मोबाइल, लैपटॉप और कई संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए थे। ताजा कार्रवाई और वार्ड पार्षद मो. करमुल्लाह अंसारी को हिरासत में लिए जाने के बाद जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप मच गया है। एजेंसी की ओर से जल्द ही इस मामले में आधिकारिक बयान जारी किए जाने की संभावना है।