24 घंटे में आधा बिहार मॉनसून की आगोश में, मुजफ्फरपुर तक मौसम हुआ सुहाना; आज पटना में दस्तक के आसार
शुक्रवार को पटना में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन यह इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। अगले 24 घंटे के भीतर मॉनसून के पटना पहुंचने की संभावना है। इसके बाद शनिवार शाम या रविवार तक राजधानी में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
DESWA DESK : बिहार में कदम रखते ही मॉनसून ने अपनी रफ्तार से सबको चौंका दिया है। प्रदेश में दस्तक देने के महज 24 घंटे के भीतर मॉनसून ने आधे सूबे को अपनी आगोश में ले लिया है। शुक्रवार दोपहर तक मानसूनी हवाओं की उत्तरी सीमा मुजफ्फरपुर तक पहुंच गई, जिससे उत्तर और पूर्वी बिहार के बड़े हिस्से में मौसम सुहाना हो गया है। कोसी, सीमांचल, मिथिला और पूर्वी बिहार के जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ने राज्य के पूर्वी और उत्तरी छोर से तेजी से आगे बढ़ना शुरू किया है। वर्तमान में जिन क्षेत्रों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, भागलपुर, बांका और मुंगेर के इलाकों में बादलों ने डेरा डाल रखा है और रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। इसके साथ ही, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर होते हुए मॉनसून की लाइन अब मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है।
सीमांचल और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में अगले 24 घंटों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जहां आधा बिहार भीग रहा है, वहीं राजधानी पटना के लोगों को अभी भी मॉनसून की पहली फुहारों का बेसब्री से इंतजार है। शुक्रवार को पटना में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन यह इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। अगले 24 घंटे के भीतर मॉनसून के पटना पहुंचने की संभावना है। इसके बाद शनिवार शाम या रविवार तक राजधानी में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मॉनसून की लाइन काफी मजबूत है। अगले 24 घंटे में पटना, वैशाली, सारण और आसपास के जिले में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। वहीं, 48 से 72 घंटे में दक्षिण और पश्चिम बिहार के शेष सभी जिले बक्सर, भोजपुर, गया आदि में झमाझा बारिश की संभावना है। मॉनसून की इस धमाकेदार एंट्री से सबसे ज्यादा खुशी किसानों के चेहरे पर है। कृषि जानकारों का कहना है कि यह समय धान की नर्सरी (बिचड़ा) तैयार करने के लिए बेहद मुफीद है। इस बारिश से खेतों में नमी आएगी, जिससे खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आएगी। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है और बारिश के दौरान पक्के मकानों में शरण लेने को कहा है।













