बिहार के इन दस जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नेपाल के पानी से कोसी-गंडक उफान पर
बिहार में मौसम के तेवर एक बार फिर बदलने लगे हैं। मौसम विभाग ने आज राज्य के दस जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना में बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है। वहीं, राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई है।
DESWA DESK : बिहार में मौसम के तेवर एक बार फिर बदलने लगे हैं। मौसम विभाग ने आज राज्य के दस जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना में बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है। वहीं, राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और बेगूसराय में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम आंशिक रूप से सामान्य बना रहेगा। हालांकि बादलों की ओट और हल्की नमी के बीच तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे उमस का अहसास बढ़ेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 जुलाई के बाद राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से पटना, समस्तीपुर, वैशाली, भोजपुर, बक्सर और जहानाबाद समेत आसपास के मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है, जिसे लेकर प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, पड़ोसी देश नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का सीधा असर बिहार की नदियों पर दिखने लगा है। नेपाल से आ रहे पानी के कारण कोसी और गंडक नदियां उफान पर हैं। नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी है और निचले इलाकों तथा दियारा क्षेत्र के निवासियों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। बता दें कि पटना में सोमवार को भी दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। शहर के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश भी हुई, जिससे रात के तापमान में गिरावट देखी गई।













