गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नविनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण, सीएम ने निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं का भी किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटनासिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं के साथ जिला औषधि भंडार गृह का शिलापट्ट अनावरण कर शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटनासिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं के साथ जिला औषधि भंडार गृह का शिलापट्ट अनावरण कर शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान वहां उपस्थित मरीजों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की और उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से कहा कि यहां पर इलाज की सारी सुविधा बेहतर ढंग से उपलब्ध रखें ताकि मरीजों को रेफर करना न पड़े। डॉक्टर सहित उपचार की सारी सुविधायें ससमय मरीजों को मिलनी चाहिये। मुख्यमंत्री ने ऑर्थोपेडिक ओटी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों से कहा कि ऑर्थोपेडिक के इलाज का विशिष्ट पहचान बनायें और मरीजों को इलाज की सारी सुविधायें यहीं मिले।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए ICU बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (IMCU) बेड तथा 24X7 आपातकालीन सेवाओं का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) अन्तर्गत हब एवं स्पोक मॉडल में निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के तहत प्रथम चरण में 11 हब लैब एवं इससे संबद्ध 221 स्पोक लैब (नमूना संग्रहण स्थल) का भी शुभारंभ किया। इस व्यवस्था के तहत राज्य में मरीजों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध होंगी तथा जांच रिपोर्ट समय पर प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस (पीएचएच एवं आयुष्मान कार्ड धारी को निःशुल्क एवं अन्य को रियायती दर) सेवा का शुभारंभ किया। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को अब पीएचएच एवं आयुष्मान कार्डधारियों को यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होगी, जबकि अन्य पात्र लाभार्थियों को भी रियायती दरों पर डायलिसिस सेवा मिलेगी। इससे गंभीर किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अपने जिले के बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार के साथ-साथ विशेषज्ञ उपचार सेवाओं को जिला एवं अनुमंडल स्तर तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर चिकित्सा उपकरण, प्रशिक्षित मानव संसाधन तथा मजबूत स्वास्थ्य अवसंरचना के माध्यम से बिहार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन नई सुविधाओं से प्रदेश के लाखों नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा तथा बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सशक्त बनेगी।
मुख्यमंत्री ने गुरू गोबिंद सिंह अस्पाल परिसर में प्रबंधक कमिटी तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की ओर से स्थापित 'खंडा साहिब' का लोकार्पण किया और नमन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, विधायक रत्नेश कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव डॉ. त्यागराजन एसएम, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पाण्डेय, बिहार चिकित्सा सेवायें एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुव्रत कुमार सेन सहित अन्य वरीय अधिकारी, चिकित्सक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।













