खान सर पर धोखाधड़ी, कब्जा और जान से मारने की धमकी का आरोप; पटना एसएसपी से शिकायत, एसडीपीओ को सौंपा जांच का जिम्मा
खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक और कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ पटना एसएसपी कार्यालय में धोखाधड़ी, विश्वासघात, कोचिंग संस्थान पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आवेदन सौंपा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
DESWA DESK : खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक और कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ पटना एसएसपी कार्यालय में धोखाधड़ी, विश्वासघात, कोचिंग संस्थान पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आवेदन सौंपा गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
शिकायतकर्ता निखिल कुमार उर्फ रंजीत कुमार सिंह का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2019 में एक कोचिंग सेंटर की स्थापना की थी, जिसमें उन्होंने लगभग 50 लाख रुपये का निजी पूंजी निवेश किया था। निखिल का दावा है कि संस्थान को खड़ा करने और संचालित करने के बावजूद उन्हें धोखे से उनके अधिकारों से वंचित कर दिया गया। आरोप के मुताबिक फैजल खान ने संस्थान पर अवैध तरीके से कब्जा जमा लिया और उनके साथ भारी आर्थिक नुकसान एवं विश्वासघात किया।
आवेदन में निखिल कुमार ने सुरक्षा को लेकर भी गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि 25 जून 2026 से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे वे और उनका परिवार भारी भय के साए में जीने को मजबूर हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पटना एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की प्राथमिक जांच का प्रभार एसडीपीओ सिटी-01 को सौंपा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन के साक्ष्यों और धमकियों से जुड़े सबूतों की गहनता से पड़ताल की जाएगी। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता और विवाद की वास्तविक वजह साफ हो सकेगी। खान सर अथवा उनकी टीम की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है।













