बिहार में विकराल हुई बाढ़; गंगा का जलस्तर नए रिकॉर्ड के करीब, पटना-गया रेलखंड की डाउन लाइन ठप
बिहार में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है। राज्य के 18 जिलों में फैला बाढ़ का पानी अब तक 6.65 लाख से अधिक आबादी को प्रभावित कर चुका है। पटना में पुनपुन नदी के उफान के कारण जट डुमरी के पास पुल संख्या 21 तक पानी पहुंचने से रेलवे ने सुरक्षा के लिहाज से पटना-गया रेलखंड की डाउन लाइन पर परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके चलते चार मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई प्रमुख ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से चल रही हैं। जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ने सभी जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को हाई अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह नौ बजे पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 50.51 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर है। गंगा अपने सर्वकालिक उच्चतम जलस्तर (एचएफएल) 50.52 मीटर के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है और जल संसाधन विभाग के अनुसार गांधी घाट पर नया एचएफएल सृजित होने की आशंका है
DESWA DESK : बिहार में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है। राज्य के 18 जिलों में फैला बाढ़ का पानी अब तक 6.65 लाख से अधिक आबादी को प्रभावित कर चुका है। पटना में पुनपुन नदी के उफान के कारण जट डुमरी के पास पुल संख्या 21 तक पानी पहुंचने से रेलवे ने सुरक्षा के लिहाज से पटना-गया रेलखंड की डाउन लाइन पर परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके चलते चार मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई प्रमुख ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से चल रही हैं।
जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ने सभी जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को हाई अलर्ट जारी किया है। शनिवार सुबह नौ बजे पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 50.51 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर है। गंगा अपने सर्वकालिक उच्चतम जलस्तर (एचएफएल) 50.52 मीटर के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है और जल संसाधन विभाग के अनुसार गांधी घाट पर नया एचएफएल सृजित होने की आशंका है।
तटबंधों पर बढ़ता दबाव और दियारा क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति और विकराल होने के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन को गश्त तेज करने तथा नदी क्षेत्र के आवासितों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश की नौ नदियां अभी भी लाल निशान के ऊपर बनी हुई हैं। पुनपुन नदी का जलस्तर पिछले 24 घंटे में 28 सेमी बढ़ा है और श्रीपालपुर में यह खतरे के निशान से काफी मीटर ऊपर बह रही है।
राहत कार्यों के बीच मौसम विभाग ने परेशानी बढ़ाने वाली चेतावनी जारी की है। राजधानी पटना में तेज बारिश हुई है। इसके साथ-साथ किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और मधेपुरा जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) की आशंका जताई गई है। उधर, जट डुमरी के पास पुल संख्या 21 तक पानी पहुंचने से रेलवे ने सुरक्षा के लिहाज से पटना-गया रेलखंड की डाउन लाइन पर परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया है।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर सामान्य होने और ट्रैक की सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेनों का परिचालन बहाल किया जाएगा।













