लालू यादव की तबीयत बिगड़ी : आईजीआईएमएस में दो घंटे ऑब्जर्वेशन में रहे, आज इलाज के लिए जाएंगे दिल्ली
आईजीआईएमएस में डॉक्टरों की विशेष टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच की, जिसके बाद उन्हें करीब दो घंटे तक डॉक्टरों की निगरानी (ऑब्जर्वेशन) में रखा गया। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक लालू यादव मुख्य रूप से अपनी आंखों की समस्या को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
DESWA DESK : आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। शुक्रवार को उन्हें आननफानन में इलाज के लिए पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) ले जाया गया। लालू यादव की सेहत बिगड़ने की खबर मिलते ही सियासी गलियारों और समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। अस्पताल में उनके साथ उनकी पत्नी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़ी बेटी व सांसद मीसा भारती और बड़े बेटे तेजप्रताप यादव मौजूद थे।
आईजीआईएमएस में डॉक्टरों की विशेष टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच की, जिसके बाद उन्हें करीब दो घंटे तक डॉक्टरों की निगरानी (ऑब्जर्वेशन) में रखा गया। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक लालू यादव मुख्य रूप से अपनी आंखों की समस्या को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
आईजीआईएमएस के नेत्र रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने खुद लालू यादव की आंखों का गहन चेकअप किया। आंखों की जांच के साथ.साथ डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उनका ईसीजी भी कराया ताकि उनके दिल की स्थिति की निगरानी की जा सके। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। डॉक्टरों ने उन्हें जरूरी दवाएं और आराम करने की सलाह दी है।
अस्पताल से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में लालू यादव की बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने उनके स्वास्थ्य का अपडेट दिया। मीसा भारती ने बताया कि फिलहाल पापा की तबीयत ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। चूंकि उनका रूटीन और मुख्य इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा है, इसलिए हम लोग बेहतर और आगे की जांच के लिए आज उन्हें दिल्ली लेकर जा रहे हैं।
लालू यादव की तबीयत खराब होने के पीछे मीसा भारती ने पटना के कौटिल्या नगर इलाके की अव्यवस्था और गंदगी को जिम्मेदार ठहराया। मीसा भारती ने सरकार और प्रशासन पर तंज कसते हुए कहा कि कौटिल्या नगर इलाके में हद से ज्यादा गंदगी और जलजमाव है, जिसकी वजह से पापा की तबीयत खराब हुई। वहां का माहौल बुजुर्ग और बीमार मरीजों के रहने लायक नहीं है।
अगर हम लोग इस मुद्दे को उठाएंगे या इस बात को बोलेंगे तो विरोधियों और लोगों को लगेगा कि हम लोग सरकारी आवास के लिए रोना रो रहे हैं। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली करा लिया गया है और उन्हें 39, हार्डिंग रोड वाला आवास आवंटित् किया गया है। लेकिन फिलहाल लालू यादव का परिवार कौटिल्या नगर स्थित निजी आवास में रह रहा है। फिलहाल, लालू यादव के दिल्ली जाने की खबर के बीच आरजेडी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पैनिक न होने की अपील की है और कहा है कि यह एक रूटीन चेकअप का हिस्सा है।













