सरकार का बड़ा प्लान : अब महंगे कोचिंग संस्थानों में जाने की जरूरत नहीं, घर बैठे होगी मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी

बिहार सरकार ने राज्य के उन छात्र-छात्राओं का सपना साकार कर दिया है जो मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने के लिए महंगे कोचिंग संस्थानों में जाने से वंचित रह जाते थे। सरकार के इस प्रयास से हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी अब घर बैठे ही जेईई और नीट प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं।

सरकार का बड़ा प्लान : अब महंगे कोचिंग संस्थानों में जाने की जरूरत नहीं, घर बैठे होगी मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी

DESWA DESK : बिहार सरकार ने राज्य के उन छात्र-छात्राओं का सपना साकार कर दिया है जो मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने के लिए महंगे कोचिंग संस्थानों में जाने से वंचित रह जाते थे। सरकार के इस प्रयास से हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी अब घर बैठे ही जेईई और नीट प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। इसके लिए पटना के दस सरस्वती विद्या निकेतन के नाम पर बनाये गए आदर्श विद्यालयों में लाइव क्लासेज के माध्यम से पढ़ाई शुरू कर दी गई है।

राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 (2025-30) 'उन्नत शिक्षा- उज्ज्वल भविष्य' के तहत चयनित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं नवाचार आधारित शिक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके तहत बिहार सरकार ने राज्य के सभी जिला स्कूलों और प्रत्येक प्रखंड में स्थित एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मिलाकर कुल 544 विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में चयन किया गया है। 

इसके अतिरिक्त, पूर्व से संचालित 155 राजकीय एवं राजकीयकृत विद्यालयों को भी इसी योजना के अंतर्गत उन्नत किया जाएगा। ताकि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को उनके घर के पास ही बेहतर शिक्षा मिल सकें और उन्हें नीट और जेईई प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। 
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा गुरुवार को पटना के दस मॉडल स्कूलों में लाइव क्लासेज का शुभारंभ करने के साथ ही नीट और जेईई प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ाई शुरु हो गई। विद्यार्थी उन विद्यालयों में जाकर पढ़ाई करने के साथ ही घर बैठे भी ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। 

राज्य सरकार ने पटना के जिन दस सरस्वती विद्या निकेतनों (मॉडल स्कूल) में नीट और जेईई की तैयारी करने के लिए लाइव क्लासेज शुरू किया है उसमें वीरचंद पटेल पथ स्थित देवीपद चौधरी शहीद स्मारक (मिलर) उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीवीआरके जलान उच्च माध्यमिक विद्यालय पटना सिटी, जनकधारी उच्च माध्यमिक विद्यालय दानापुर कैंट, केबी सहाय उच्च माध्यमिक विद्यालय शेरूल्लाहपुर, महंथ हनुमान शरण उच्च माध्यमिक विद्यालय राजापुर मैनपुरा, राजकीय ब्वायज हाई स्कूल राजेंद्र नगर, शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गर्दनीबाग, श्री रघुनाथ प्रसाद गर्ल्स हाई स्कूल कंकड़बाग, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पटना सिटी और राजकीय गर्ल्स उच्च माध्यमिक विद्यालय शस्त्रीनगर शामिल हैं। 

इसके अलावा आने वाले दिनों में पटना सहित राज्य के सभी मॉडल स्कूलों में इसका विस्तार किया जाएगा, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को घर के पास ही इसकी सुविधा मिल सकें। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है।