सहारनपुर में यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन : बिहार का कुख्यात ललन सिंह एनकाउंटर में ढेर, चार साल पहले दो भाइयों का भी हुआ था यही अंजाम

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में यूपी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिहार के कुख्यात बदमाश ललन कुमार सिंह को एक भीषण मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। मारे गए बदमाश पर कई संगीन मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

सहारनपुर में यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन : बिहार का कुख्यात ललन सिंह एनकाउंटर में ढेर, चार साल पहले दो भाइयों का भी हुआ था यही अंजाम

DESWA DESK : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में यूपी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिहार के कुख्यात बदमाश ललन कुमार सिंह को एक भीषण मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। मारे गए बदमाश पर कई संगीन मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि ललन सिंह के परिवार में एनकाउंटर से मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब चार साल पहले ललन के दो सगे भाइयों को भी पुलिस ने इसी तरह एक मुठभेड़ में मार गिराया था। अब तीसरे भाई का भी अंत उसी खौफनाक अंदाज में हुआ है।

जैसे ही यह खबर समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव पहुंची, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। ललन सिंह आनंदगोलवा गांव निवासी शिवशंकर सिंह का पुत्र था। ग्रामीणों और पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस परिवार के बेटों का अपराध की दुनिया से पुराना नाता रहा है। लगभग चार वर्ष पूर्व ललन के दो सगे भाइयों को भी पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया था। दो बेटों को खोने के बाद परिवार सदमे में था, और अब तीसरे बेटे ललन सिंह की भी मुठभेड़ में मौत के बाद इस कुख्यात अपराधी भाइयों की कहानी का पूरी तरह से अंत हो गया है।

आनंदगोलवा गांव के ग्रामीणों के अनुसार, भाइयों के एनकाउंटर और पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद ललन सिंह ने गांव आना लगभग छोड़ दिया था। वह बेहद शातिर था और केवल कभी-कभार, अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी-छिपे गांव आता था। वह चुपके से अपने बूढ़े माता-पिता से मुलाकात करता और पुलिस को भनक लगने से पहले ही वापस फरार हो जाता था। ग्रामीणों को अंदाजा था कि ललन का अंजाम भी अच्छा नहीं होगा, लेकिन इतनी जल्दी उसका भी एनकाउंटर हो जाएगा, इसकी उम्मीद किसी को नहीं थी।

यूपी पुलिस के सूत्रों के अनुसार, सहारनपुर पुलिस को इनपुट मिला था कि बिहार का एक वांटेड और शातिर अपराधी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या शरण लेने के इरादे से घूम रहा है। पुलिस ने जब संदिग्ध को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। आत्मरक्षार्थ में यूपी पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में ललन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ललन सिंह के एनकाउंटर की खबर के बाद समस्तीपुर की स्थानीय पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस और जिला पुलिस प्रशासन अब ललन सिंह के साथ-साथ उसके मारे गए दोनों भाइयों के पुराने आपराधिक इतिहास, दर्ज मुकदमों और उनके गिरोह से जुड़े अन्य गुर्गों की कुंडली दोबारा खंगाल रही है। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन नजर रखी जा रही है।