गया में शिक्षा विभाग का बड़ा अल्टीमेटम : अगर ये काम नहीं किया तो नौ हजार से अधिक शिक्षकों का रुकेगा वेतन
विभाग ने जिले के करीब नौ हजार शिक्षकों को सख्त अल्टीमेटम जारी करते हुए साफ कहा है कि अगर अगले 24 घंटे के भीतर उन्होंने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत और सेवा संबंधी जानकारियां अपडेट नहीं कीं, तो उनका वेतन रोक दिया जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
DESWA DESK : गयाजी जिले में शिक्षा विभाग ने सरकारी शिक्षकों की लापरवाही पर बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। विभाग ने जिले के करीब नौ हजार शिक्षकों को सख्त अल्टीमेटम जारी करते हुए साफ कहा है कि अगर अगले 24 घंटे के भीतर उन्होंने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत और सेवा संबंधी जानकारियां अपडेट नहीं कीं, तो उनका वेतन रोक दिया जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
दरअसल, गयाजी जिले में डिजिटल डेटा बेस तैयार करने की इस मुहिम में बड़े पैमाने पर कोताही बरती गई है। जिले के नौ हजार से अधिक ऐसे शिक्षक हैं, जिन्होंने बार-बार दिए गए निर्देशों के बावजूद पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल को पूरी तरह अपडेट नहीं किया है। शिक्षकों की इस सुस्ती से नाराज विभाग ने अब पानी सिर से ऊपर जाते देख आखिरी चेतावनी जारी कर दी है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी स्पष्ट निर्देश में कहा गया है कि सभी संबंधित शिक्षक बिना किसी देरी के अगले 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से अपना पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड करें। इस समय सीमा के बीत जाने के बाद किसी भी प्रकार का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बता दें कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल बिहार सरकार के शिक्षा विभाग का एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए राज्य के सभी शिक्षकों की नियुक्ति, सेवा पुस्तिका, ट्रांसफर-पोस्टिंग और वेतन संबंधी डेटा को पारदर्शी बनाया जा रहा है। जानकारी अपडेट न होने से विभाग को प्रशासनिक फैसले लेने और योजनाओं के क्रियान्वयन में दिक्कत आ रही है।













