खान सर की अग्रिम जमानत पर फैसला फिर टला, अब इस तारीख को होगी अगली सुनवाई

राजधानी के चर्चित कोचिंग विवाद और खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर शुक्रवार को भी फैसला नहीं हो सका। जिला एवं सत्र न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई।

खान सर की अग्रिम जमानत पर फैसला फिर टला, अब इस तारीख को होगी अगली सुनवाई

DESWA DESK : राजधानी के चर्चित कोचिंग विवाद और खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर शुक्रवार को भी फैसला नहीं हो सका। जिला एवं सत्र न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई। अदालत ने अब आदेश सुरक्षित रखते हुए सुनवाई के लिए आगामी 13 जुलाई की नई तारीख मुकर्रर की है। पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर पहले ही अंतरिम रोक लगा रखी है। अदालत के नए घटनाक्रम के बाद, अग्रिम जमानत याचिका पर अंतिम आदेश आने तक खान सर की गिरफ्तारी पर यह रोक फिलहाल बरकरार रहेगी।

बीती दो जून को कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर कोचिंग विवाद को लेकर हिंसक झड़प और फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।  गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बाद खान सर की ओर से जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की गई थी।

इस संवेदनशील मामले पर शुक्रवार को कोर्ट का फैसला आना तय माना जा रहा था। सुबह से ही कानूनी गलियारों और खान सर के प्रशंसकों की निगाहें कोर्ट के आदेश पर टिकी थीं। हालांकि, जिला एवं सत्र न्यायाधीश के उपलब्ध न होने के कारण केस की कार्यवाही को आगे बढ़ा दिया गया। अब सोमवार यानी 13 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई बेहद अहम होगी, जहां अदालत तय करेगी कि खान सर को अग्रिम जमानत मिलेगी या उनकी मुश्किलें और बढ़ेंगी। फिलहाल, अंतरिम राहत जारी रहने से उन्होंने राहत की सांस ली है।