पति की हत्या कराने वाली एमवीआई स्मिता कुमारी की जाएगी नौकरी..बर्खास्तगी तय ? डीएम ने परिवहन विभाग को भेजी अनुशंसा

प्रेमी के लिए शूटर को चार लाख की सुपारी देकर पति देव कुमार गुंजन की हत्या कराने वाली शातिर एमवीआई स्मिता कुमारी पर गिरफ्तारी के बाद अब प्रशासनिक चाबुक भी चलने लगा है। आरोप सही पाए जाने पर सुपौल की मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) स्मिता कुमारी की बर्खास्तगी तय मानी जा रही है। सुपौल के जिलाधिकारी (डीएम) सावन कुमार ने भी इसको लेकर परिवहन विभाग को अपनी अनुशंसा भेज दी है।

पति की हत्या कराने वाली एमवीआई स्मिता कुमारी की जाएगी नौकरी..बर्खास्तगी तय ? डीएम ने परिवहन विभाग को भेजी अनुशंसा

DESWA DESK : प्रेमी के लिए शूटर को चार लाख की सुपारी देकर पति देव कुमार गुंजन की हत्या कराने वाली शातिर एमवीआई स्मिता कुमारी पर गिरफ्तारी के बाद अब प्रशासनिक चाबुक भी चलने लगा है। आरोप सही पाए जाने पर सुपौल की मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) स्मिता कुमारी की बर्खास्तगी तय मानी जा रही है। सुपौल के जिलाधिकारी (डीएम) सावन कुमार ने भी इसको लेकर परिवहन विभाग को अपनी अनुशंसा भेज दी है।

पति की हत्या की साजिश में गिरफ्तार सुपौल की मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) स्मिता कुमारी की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। पुलिसिया शिकंजे के बाद अब उन पर प्रशासनिक कार्रवाई की तलवार लटक गई है। सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजी है। डीएम ने आरोपी महिला अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और कड़ी विभागीय कार्रवाई शुरू करने की मजबूत अनुशंसा की है। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि उन्हें मीडिया रिपोर्टों और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई से इस संवेदनशील मामले की जानकारी मिली। 

सूचना मिलते ही उन्होंने बिना किसी देरी के जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के माध्यम से एक विस्तृत रिपोर्ट परिवहन विभाग के मुख्यालय भिजवा दी है। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि एक सरकारी अधिकारी पर बेहद गंभीर आपराधिक मामले में संलिप्तता का आरोप है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है। सरकारी सेवा नियमावली के तहत ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है। हमने विभाग से आरोपी एमवीआई को तुरंत सस्पेंड करने और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आग्रह किया है।

यह पूरा मामला एक बेहद सुनियोजित और खौफनाक मर्डर मिस्ट्री से जुड़ा है। 11 जून को जनसाधारण एक्सप्रेस में सफर के दौरान जमुई में विद्युत विभाग में कार्यरत कर्मी और सुपौल की मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) स्मिता कुमारी के पति देव कुमार गुंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। करीब 34 दिनों तक चली गहन तफ्तीश के बाद कटिहार रेल पुलिस ने जब इस हत्याकांड का खुलासा किया, तो हर कोई सन्न रह गया। आरोप है कि स्मिता कुमारी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर इस पूरी हत्या की रूपरेखा खुद तैयार की थी। पति को रास्ते से हटाने के लिए शूटरों को चार लाख की सुपारी दी गई थी। 

कटिहार रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एमवीआई स्मिता कुमारी, उनके प्रेमी अजीत और वारदात को अंजाम देने वाले शूटर राजू समेत कई आरोपियों को पहले ही दबोच लिया है। पुलिस की चार्जशीट और कानूनी प्रक्रिया अपनी जगह चल रही है, लेकिन डीएम की इस त्वरित अनुशंसा के बाद परिवहन विभाग कभी भी स्मिता कुमारी के निलंबन का आदेश जारी कर सकता है। प्रशासनिक हलकों में इस बात की चर्चा तेज है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो सेवा नियमावली के तहत आरोपी महिला अधिकारी की बर्खास्तगी तय है।