जाले बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध मौत में नया मोड़ : बेगूसराय की महिला दरोगा हिरासत में, मनोज की गर्लफ्रेंड है अन्नू ...?
दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। इस हाईप्रोफाइल मामले ने तब नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस ने बीडीओ मनोज कुमार की गर्लफ्रेंड अन्नू कुमारी को हिरासत में ले लिया।
DESWA DESK : दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। इस हाईप्रोफाइल मामले ने तब नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस ने बीडीओ मनोज कुमार की गर्लफ्रेंड अन्नू कुमारी को हिरासत में ले लिया।
विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अन्नू कुमारी को सीतामढ़ी से दबोचा है। चौंकाने वाली बात यह है कि हिरासत में ली गई महिला कोई और नहीं, बल्कि बेगूसराय जिले के एक थाने में सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) के पद पर तैनात है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए जाने के बाद महिला दरोगा अन्नू कुमारी को मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाने लाया गया है। जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की देखरेख में उससे बंद कमरे में लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस मुख्य रूप से इस बात का पता लगाने में जुटी है कि अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत की पूरी पटकथा में इस महिला दरोगा की क्या भूमिका थी और क्या वह इस घटना की साजिश में शामिल थी।
सूत्रों का कहना है कि महिला दरोगा मूल रूप से सीतामढ़ी के सुरसंड की रहने वाली है। बीडीओ और उसके बीच के रिश्तों को लेकर कई अहम सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसके बाद ही यह त्वरित कार्रवाई की गई है। अमृता कुमारी की मौत के बाद से ही बीडीओ मनोज कुमार पर लगातार शक की सुई घूम रही थी। मृतका के परिजनों ने पहले ही इस मामले में हत्या और प्रताड़ना की आशंका जताई थी। अब एक सब-इंस्पेक्टर का नाम सामने आने और उसकी हिरासत के बाद इस पूरे मामले में एक नया एंगल जुड़ गया है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद बहुत जल्द ही इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल, इस हाईप्रोफाइल मामले को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।













