नितिन नवीन और सीएम सम्राट के मेगा रोड शो से गूंजा पटना, मोदी-नीतीश के गानों के बीच समर्थकों ने बरसाए फूल
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम पड़ाव पर एनडीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रचार थमने से ठीक एक दिन पहले सोमवार को राजधानी पटना की सड़कें भगवा रंग और नारों से सराबोर नजर आईं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में आयोजित इस मेगा रोड शो से चुनावी माहौल में जबरदस्त गरमाहट ला दी है।
DESWA DESK : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम पड़ाव पर एनडीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रचार थमने से ठीक एक दिन पहले सोमवार को राजधानी पटना की सड़कें भगवा रंग और नारों से सराबोर नजर आईं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में आयोजित इस मेगा रोड शो से चुनावी माहौल में जबरदस्त गरमाहट ला दी है।
दोपहर करीब तीन बजे भट्टाचार्य मोड़ से शुरू हुआ यह विशाल रोड शो मोना सिनेमा हॉल तक पहुंचा, जहां रास्ते भर समर्थकों और आम जनता का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रोड शो की सबसे खास बात चुनावी रथ पर राज्य के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ मंत्री एक ही गाड़ी पर सवार होकर जनता का अभिवादन स्वीकार करते दिखे।
रोड शो के दौरान जगह-जगह छतों और सड़कों से जनसमूह ने नेताओं का स्वागत किया। रथ पर सवार मुख्यमंत्री खुद कार्यकर्ताओं और आम लोगों पर फूल बरसाते नजर आए। पूरे काफिले के साथ जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट हो गइल.. जैसे लोकप्रिय चुनावी गीत बजते रहे, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। इस दौरान लगातार भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे गूंजते रहे।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता मौसम की तरह हैं, जो केवल चुनाव या विशेष समय पर ही नजर आते हैं। इसके विपरीत, बीजेपी और एनडीए के कार्यकर्ता 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बांकीपुर की प्रबुद्ध जनता एक बार फिर विकास और सुशासन के नाम पर भारतीय जनता पार्टी को ही अपना जनादेश देगी।
रोड शो के समापन स्थल मोना सिनेमा हॉल के पास एक जनसभा का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत पार्टी के कई शीर्ष नेताओं ने जनता को संबोधित किया। वक्ताओं ने बांकीपुर की जनता से एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की भावुक अपील की।













