पटना का मरीन ड्राइव बनेगा टूरिज्म हब: गंगा किनारे दिखेगा महिला हाट का जलवा, छह किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट वॉकवे भी

राजधानी का सबसे पसंदीदा ठिकाना यानी जेपी गंगा पथ (पटना का मरीन ड्राइव) अब एक नए और बेहद आधुनिक रूप में नजर आने वाला है। बिहार सरकार इस खूबसूरत कॉरिडोर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। इस मेगा प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यह न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि आधी आबादी को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का एक बड़ा जरिया भी बनेगा।

पटना का मरीन ड्राइव बनेगा टूरिज्म हब: गंगा किनारे दिखेगा महिला हाट का जलवा, छह किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट वॉकवे भी

DESWA DESK :  बिहार की राजधानी का सबसे पसंदीदा ठिकाना यानी जेपी गंगा पथ (पटना का मरीन ड्राइव) अब एक नए और बेहद आधुनिक रूप में नजर आने वाला है। बिहार सरकार इस खूबसूरत कॉरिडोर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। इस मेगा प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यह न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि आधी आबादी को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का एक बड़ा जरिया भी बनेगा।

महिला सशक्तीकरण को नई उड़ान देते हुए सरकार इस रिवरफ्रंट कॉरिडोर में एक विशेष हाट का निर्माण करने जा रही है। इस हाट में दुकानें लगाने का अधिकार सिर्फ जीविका दीदियों के पास होगा। इस बाजार में पर्यटक बिहार के पारंपरिक और स्वादिष्ट स्थानीय फूड, बेहतरीन हस्तशिल्प (हैंडिक्राफ्ट), खादी उत्पाद और घरेलू सामान की खरीदारी कर सकेंगे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को सीधे रोजगार और एक बड़ा बाजार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। मरीन ड्राइव का एक बड़ा हिस्सा इनके लिए आरक्षित किया गया है।

पर्यटकों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए गंगा के किनारे लगभग छह किलोमीटर लंबा शानदार रिवरफ्रंट वॉकवे तैयार किया जा रहा है। इस पूरे वॉकवे पर लोगों के बैठने की उत्तम व्यवस्था, आकर्षक और मॉडर्न लाइटिंग होगी, जो रात के समय गंगा की खूबसूरती में चार चांद लगा देगी।  पर्यटक यहां सुबह-शाम ठंडी हवाओं के बीच टहलने का आनंद ले सकेंगे। साथ ही, मरीन ड्राइव से ही गंगा के भव्य दृश्यों और प्रसिद्ध गंगा आरती का दीदार करने के लिए विशेष व्यू-प्वॉइंट्स बनाए जाएंगे। फिटनेस लवर्स के लिए अलग से साइकिल ट्रैक का भी विस्तार किया जाएगा।

मरीन ड्राइव पर शाम के वक्त उमड़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए सरकार ने बड़ा मास्टरप्लान तैयार किया है। जेपी गंगा पथ पर बड़े स्तर पर आधुनिक पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इस मेगा पार्किंग में एक साथ हजारों दोपहिया और चारपहिया वाहनों को पार्क करने की आधुनिक व्यवस्था होगी। नई पार्किंग सुविधा शुरू होने के बाद सड़क किनारे अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी करने की जरूरत नहीं होगी, जिससे शाम के समय लगने वाले भीषण जाम से लोगों को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल पटना मरीन ड्राइव को देश के सबसे बड़े टूरिज्म हब की कतार में खड़ा करेगी, बल्कि यह पर्यटन, संस्कृति और महिला रोजगार का एक बेहतरीन मॉडल बनकर उभरेगी। आने वाले दिनों में सैलानियों के लिए मरीन ड्राइव का यह नया रूप सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र होने वाला है।