डाकबंगला चौराहे से पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाया, एसएसपी बोले-उपद्रव करने वालों की सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शुरुआत में छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराने और उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का पूरा आश्वासन दिया था। अधिकांश छात्र मान भी गए थे, लेकिन इसी दौरान छात्रों की भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने शांति भंग कर माहौल बिगाड़ने और उपद्रव फैलाने की कोशिश की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
DESWA DESK : बीपीएससी की टीआरई-4 परीक्षा को लेकर डाकबंगला चौराहे पर उग्र प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अंततः लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने वहां से खदेड़ दिया। फिलहाल डाकबंगला चौराहे पर आवागमन को बहाल कर दिया गया है।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शुरुआत में छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराने और उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का पूरा आश्वासन दिया था। अधिकांश छात्र मान भी गए थे, लेकिन इसी दौरान छात्रों की भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने शांति भंग कर माहौल बिगाड़ने और उपद्रव फैलाने की कोशिश की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपद्रव के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को मौके से हिरासत में लिया है। पुलिस प्रशासन अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज की गहनता से जांच कर रहा है। हिंसा और उपद्रव में शामिल एक-एक व्यक्ति की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक मुस्तैदी के बाद डाकबंगला चौराहे पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, सड़कों पर बैरिकेडिंग हटाकर ट्रैफिक को फिर से सामान्य कर दिया गया है। पुलिस बल इलाके में लगातार गश्त कर रहा है ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।