मुजफ्फरपुर में एसकेएमसीएच से फरार हुई ढाई साल के बेटे की हत्या में आरोपित गर्भवती महिला, पुलिस महकमे में हड़कंप

मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य वार्ड से बुधवार को बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया। अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की जहर देकर हत्या करने की आरोपित और पुलिस अभिरक्षा में इलाज करा रही कैदी महिला सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन से लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। रामपुरहरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तरी टोला निवासी अखिलेश राम की पत्नी पर अपने मासूम बेटे को बिस्कुट में जहर देकर मारने का गंभीर आरोप है।

मुजफ्फरपुर में एसकेएमसीएच से फरार हुई ढाई साल के बेटे की हत्या में आरोपित गर्भवती महिला, पुलिस महकमे में हड़कंप

DESWA DESK : मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य वार्ड से बुधवार को बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया। अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे की जहर देकर हत्या करने की आरोपित और पुलिस अभिरक्षा में इलाज करा रही कैदी महिला सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन से लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

रामपुरहरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तरी टोला निवासी अखिलेश राम की पत्नी पर अपने मासूम बेटे को बिस्कुट में जहर देकर मारने का गंभीर आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। चूंकि महिला दो माह की गर्भवती थी, इसलिए जेल प्रशासन ने बेहतर चिकित्सीय देखभाल के लिए उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया था, जहां उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

बुधवार की सुबह जैसे ही तैनात सुरक्षाकर्मियों का ध्यान भटका, महिला ने मौके का फायदा उठाया और चुपचाप वार्ड से निकल कर फरार हो गई। काफी देर तक जब महिला नजर नहीं आई, तब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उसके गायब होने का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी और रामपुरहरि थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस की कई विशेष टीमें अस्पताल परिसर, आसपास के इलाकों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर लगातार दबिश दे रही हैं। 

अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि महिला के भागने की सही दिशा का सुराग मिल सके। वहीं, पुलिस अभिरक्षा से से कैदी के भागने की इस घटना को वरीय अधिकारियों ने काफी गंभीरता से लिया है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की भूमिका और घोर लापरवाही की जांच शुरू कर दी गई है। दोषी पुलिसकर्मियों पर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की गाज गिरना तय माना जा रहा है।