संदिग्ध परिस्थितियों में चार युवकों की मौत के बाद भड़का आक्रोश, एनएच जाम; मंत्री विजय सिन्हा के सामने शराबबंदी पर उठाए सवाल
चार मौतों से भड़के ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को कई घंटों तक ठप रखा। उग्र भीड़ ने जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य आरोपी व शराब माफियाओं की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों ने मंत्री के सामने शराबबंदी कानून की पोल खोलते हुए गंभीर आरोप लगाया कि राज्य में कागजों पर शराबबंदी है, जबकि गांवों में शराब और सूखा नशा (ड्रग्स) आसानी से होम डिलीवर हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि समय रहते अगर अवैध धंधेबाजों पर कार्रवाई की जाती, तो आज चार चिराग न बुझते।
DESWA DESK : पटना जिला अंतर्गत बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में चार युवकों की दर्दनाक मौत के बाद पूरा इलाका सुलग उठा है। गांव में मातम और चीख-पुकार के बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को जाम कर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से युवकों की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। हालांकि, पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने अभी जहरीली शराब से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा बेढ़ना गांव स्थित सैदपुर टोला पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर ढांढस बंधाया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। मंत्री विजय सिन्हा ने ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार कार्रवाई कर रही है, जल्द ही अवैध काम करने वालों की गिरफ्तारी होगी।
उधर, चार मौतों से भड़के ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को कई घंटों तक ठप रखा। उग्र भीड़ ने जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य आरोपी व शराब माफियाओं की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों ने मंत्री के सामने शराबबंदी कानून की पोल खोलते हुए गंभीर आरोप लगाया कि राज्य में कागजों पर शराबबंदी है, जबकि गांवों में शराब और सूखा नशा (ड्रग्स) आसानी से होम डिलीवर हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि समय रहते अगर अवैध धंधेबाजों पर कार्रवाई की जाती, तो आज चार चिराग न बुझते।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह समझा-बुझाकर फोरलेन से जाम हटवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का असली कारण विषैले पदार्थ का सेवन है या जहरीली शराब, यह पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट के आने के बाद ही साफ हो पाएगा।
वहीं, स्थानीय लोगों ने कहा कि गांव के ही एक घर में कथित रूप से शराब पार्टी चल रही थी। सेवन के कुछ ही देर बाद युवकों को उल्टी होने लगी और मुंह से झाग निकलने लगा। आनन-फानन में सभी को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।













