डेहरी ईओ की हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरे आरजेडी कार्यकर्ता, आक्रोश मार्च निकाल हत्यारों को फांसी देने की मांग
डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के विरोध में गुरुवार को रोहतास जिले में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेताओं के नेतृत्व में निकाले गए विरोध मार्च में आक्रोशित लोगों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
DESWA DESK : डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के विरोध में गुरुवार को रोहतास जिले में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेताओं के नेतृत्व में निकाले गए विरोध मार्च में आक्रोशित लोगों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
विरोध मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरा जिससे वाहनों के परिचालन पर भी असर पड़ा। मार्च के दौरान आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों को फांसी देने की मांग की। मार्च की अगुवाई कर रहे आरजेडी नेताओं ने कहा कि राज्य में अब सरकारी अधिकारी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। जब एक जिम्मेदार कार्यपालक अधिकारी की हत्या कर दी जाती है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
आरजेडी के नेताओं ने आरोप लगाया कि मामले को सिर्फ आपसी विवाद बताकर दबाने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल सभी मुख्य आरोपियों और साजिशकर्ताओं को चिन्हित कर स्पीडी ट्रायल के तहत जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की। आरजेडी नेताओं के कहा कि पीड़ित परिवार के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए।
आक्रोश मार्च को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर रहा। जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की तकनीकी व वैज्ञानिक जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, दूसरी तरफ आरजेडी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही परिजनों को न्याय नहीं मिला और सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को राज्य स्तर पर तेज किया जाएगा।
गौरतलब है कि शनिवार की रात डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की औरंगाबाद में हत्या कर दी गई थी। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लोहे की रॉड से हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके चालक मिथिलेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर मिथिलेश ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।













