आईजीआईएमएस पेपर लीक-धांधली मामले में छह छात्र चार सप्ताह के लिए निलंबित, जल्द हॉस्टल खाली करने का भी फरमान
पटना आईजीआईएमएस में एमबीबीएस पूरक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक और कथित धांधली मामले में संस्थान प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए छह एमबीबीएस छात्रों को चार सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया है। छात्र अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई इस कार्रवाई के तहत सभी आरोपी छात्रों को तत्काल प्रभाव से हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया गया है।
DESWA DESK : पटना आईजीआईएमएस में एमबीबीएस पूरक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक और कथित धांधली मामले में संस्थान प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए छह एमबीबीएस छात्रों को चार सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया है। छात्र अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई इस कार्रवाई के तहत सभी आरोपी छात्रों को तत्काल प्रभाव से हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि ये छात्र परीक्षा में टॉपर भी बनते हैं तो भी उन्हें किसी प्रकार का पुरस्कार या मेडल नहीं दिया जाएगा। छात्र अनुशासन समिति की सिफारिशों के बाद निलंबित किए गए छात्रों में वर्ष 2022 बैच के अभिजीत कुमार, अंकित चंद्रा और यश राज सिन्हा शामिल हैं, जबकि वर्ष 2023 बैच के अमित कुमार, अविनाश प्रकाश और सुमित कुमार शामिल हैं।
बता दें कि एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की सप्लीमेंट्री परीक्षा दिसंबर 2025 में आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 130 छात्र शामिल हुए थे। अप्रैल के पहले सप्ताह में एक अज्ञात ई-मेल के जरिए मिली शिकायत के बाद प्रभारी निदेशक सह डीन (अकादमिक) डॉ. ओम कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था।
जांच में उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्नपत्रों से छेड़छाड़ की पुष्टि हुई। सबसे चौकाने वाली अनियमितता उत्तर पुस्तिकाओं के हस्ताक्षरों में मिली। जांच में पाया गया कि कुछ छात्रों की कॉपियों में आगे और पीछे के हस्ताक्षर तो एक जैसे थे, लेकिन बीच के पन्ने पर किए गए हस्ताक्षर बिल्कुल अलग थे। इस रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने 27 अप्रैल को ही परीक्षा रद्द कर दी थी और परीक्षा विभाग के कर्मचारियों सहित सात छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।













