मुख्यमंत्री ने 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' का किया शुभारंभ, बिहार के हाई स्कूलों में विद्यार्थियों को मिलेगी ये सुविधाएं निःशुल्क ..?
मुख्यमंत्री ने बिहार के हाई स्कूलों में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' की शुरूआत करने का निर्देश दिया। आज मुख्यमंत्री ने राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में बिहार स्मार्ट लाइव क्लास रूम के 'लोगो' का लोकार्पण किया। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बिहार स्कूल लाइव क्लास रूम की पृष्ठभूमि तथा इसके माध्यम से शैक्षणिक कार्यकलाप को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को दिखाया।
DESWA DESK : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर, पटना में आयोजित कार्यक्रम में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' का शुभारंभ करते हुए राज्य में डिजिटल एवं तकनीक संचालित शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत की। साथ ही, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज के तहत पटना के 10 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों (मॉडल स्कूल) में इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल (NEET) प्रवेश परीक्षा के लिए निःशुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम का भी मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने बिहार के हाई स्कूलों में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' की शुरूआत करने का निर्देश दिया। आज मुख्यमंत्री ने राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में बिहार स्मार्ट लाइव क्लास रूम के 'लोगो' का लोकार्पण किया। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बिहार स्कूल लाइव क्लास रूम की पृष्ठभूमि तथा इसके माध्यम से शैक्षणिक कार्यकलाप को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को दिखाया।
इस दौरान छात्राओं ने बिहार स्मार्ट लाईव क्लास रूम के तहत पढ़ाई की शुरूआत की। कार्यक्रम के दौरान राजधानी के 10 चयनित मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को लाइव क्लास व्यवस्था से जोड़ा गया। साथ ही विद्यालय में स्थापित दो अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास रूम तथा इंटरएक्टिव पैनल आधारित आधुनिक शिक्षण व्यवस्था का लोकार्पण किया गया, जिससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी, संवादात्मक और छात्र-केंद्रित बनेगी।
मुख्यमंत्री ने बॉयोलॉजी लैब, फिजिक्स लैब, आईएसएम लैब, आईसीटी लैब, स्पोर्ट्स रूम, म्यूजिक रूम सहित विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से बातचीत की और शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही उन्हें प्रोत्साहित करते हुये कहा कि आप सब मन लगाकर पढ़ें और आगे बढ़ें। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले अभ्यार्थियों को सम्मानित किया गया, इस दौरान उन्हें मुख्यमंत्री ने उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया।
हॉकी खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाली राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं को हॉकी किट वितरित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी विद्यार्थियों के लिये महत्व है ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता संवर्द्धन को गति देने के लिए शिक्षा विभाग ने सात स्वयंसेवी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इन साझेदारियों के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN), STEM शिक्षा, गणित एवं विज्ञान, शिक्षण नेतृत्व, कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, कोडिंग, डिज़ाइन थिंकिंग, परियोजना-आधारित शिक्षण, शिक्षक क्षमता निर्माण, AI आधारित मूल्यांकन तथा डेटा-आधारित शैक्षणिक प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज तथा NEET एवं JEE तैयारी कार्यक्रम की शुरूआत होने से डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम द्वारा अब विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प है कि स्मार्ट क्लास, लाइव लर्निंग, डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा उन्मुख शिक्षण के माध्यम से राज्य के प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर भविष्य के लिए सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और राज्य के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्द्धा बनाएगी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम, माध्यमिक शिक्षा के निदेशक सज्जन राज शेखर, बीएसईआईडीसी की प्रबंध निदेशक इनायत खान, प्राथमिक शिक्षा के निदेशक कुमार निशांत विवेक, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।













