मोतिहारी में रफ्तार का कहर : रेसिंग बाइक ने ली पीडीएस दुकानदार की जान, भारतमाला मुख्यमार्ग मोड़ के समीप बड़ा हादसा
मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल के भारतमाला मुख्यमार्ग मोड़ के समीप शनिवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक अनियंत्रित रेसिंग बाइक ने एक मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के एक संचालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान पताही थाना क्षेत्र के रामपुर मनोरथ निवासी 48 वर्षीय रामविनय गिरी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रामविनय शनिवार को जनवितरण प्रणाली से जुड़े किसी सरकारी कार्य के सिलसिले में अपनी बाइक से पकड़ीदयाल अनुमंडल कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान भारतमाला सड़क के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार रेसिंग बाइक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
DESWA DESK : मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल के भारतमाला मुख्यमार्ग मोड़ के समीप शनिवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक अनियंत्रित रेसिंग बाइक ने एक मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के एक संचालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान पताही थाना क्षेत्र के रामपुर मनोरथ निवासी 48 वर्षीय रामविनय गिरी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रामविनय शनिवार को जनवितरण प्रणाली से जुड़े किसी सरकारी कार्य के सिलसिले में अपनी बाइक से पकड़ीदयाल अनुमंडल कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान भारतमाला सड़क के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार रेसिंग बाइक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि रामविनय गिरी की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और उन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिए मोतिहारी भेजा। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था और अधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि रामविनय गिरी सरकारी राशन की दुकान चलाकर ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। मौत की मनहूस खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव रामपुर मनोरथ में मातम पसर गया। जैसे ही उनका शव घर के दरवाजे पर पहुंचा, स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी पति के शव से लिपटकर बार-बार बेसुध हो रही थीं, वहीं बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।
मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट













