मोतिहारी में एसपी का तगड़ा एक्शन : मोटी रकम लेकर शराब तस्कर को छोड़ने वाला थानेदार सस्पेंड

शराबबंदी वाले बिहार में शराब माफिया और पुलिस की साठगांठ का एक बड़ा मामला सामने आया है। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थानेदार पर शराब तस्कर से मोटी रकम वसूलकर उसे छोड़ने का गंभीर आरोप है।

मोतिहारी में एसपी का तगड़ा एक्शन : मोटी रकम लेकर शराब तस्कर को छोड़ने वाला थानेदार सस्पेंड

DESWA DESK : शराबबंदी वाले बिहार में शराब माफिया और पुलिस की साठगांठ का एक बड़ा मामला सामने आया है। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थानेदार पर शराब तस्कर से मोटी रकम वसूलकर उसे छोड़ने का गंभीर आरोप है।

जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष अजय कुमार ने हाल ही में एक शराब तस्कर को दबोचा था। नियमतः इस गिरफ्तारी की प्रविष्टि (एंट्री) थाने की स्टेशन डायरी में दर्ज होनी चाहिए थी, लेकिन थानेदार ने ऐसा नहीं किया। आरोप है कि तस्कर के साथ गुप्त साठगांठ की गई और एक बड़ी रकम ऐंठने के बाद गिरफ्तारी को छिपाते हुए उसे गुपचुप तरीके से रिहा कर दिया गया।

इस पूरे खेल की भनक जैसे ही एसपी स्वर्ण प्रभात को लगी, उन्होंने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। एसपी ने तुरंत संबंधित सर्किल इंस्पेक्टर को मामले की सघन जांच का जिम्मा सौंपा। सर्किल इंस्पेक्टर की त्वरित जांच रिपोर्ट में थानाध्यक्ष अजय कुमार के खिलाफ लगे पदीय कर्तव्य के उल्लंघन और अवैध लाभ लेने के सभी आरोप पूरी तरह से सत्य पाए गए। रिपोर्ट मिलते ही एसपी ने बिना देर किए थानेदार को सस्पेंड कर दिया और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

एसपी की इस सख्त कार्रवाई से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। गौरतलब है कि एसपी स्वर्ण प्रभात की कार्यशैली का ही नतीजा है कि पिछले तीन दिनों के भीतर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप में जिले के तीन अलग-अलग थानेदारों पर गाज गिर चुकी है। वहीं, आम जनता के बीच पुलिस कप्तान के इस कड़े रुख और शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने की मुहिम की जमकर सराहना हो रही है।

मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट