तेजप्रताप की गिरफ्तारी पर भड़के तेजस्वी; सरकार को दी चेतावनी, कल तक रिहा नहीं किया तो..?
उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि गिरफ्तार लोगों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो राज्यभर में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जब दिल्ली में यह तय हो गया था कि आंदोलन से जुड़े सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे, इसके बावजूद बिहार में छात्रों और नेताओं को जेल में डाला जा रहा है।
DESWA DESK : नीट पेपर लीक विवाद को लेकर पटना में हुए भारी प्रदर्शन के बाद पुलिस द्वारा जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी से बिहार की राजनीति में उबाल आ गया है। बड़े भाई की गिरफ्तारी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई से गुस्साए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना पहुंचते ही बिहार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि गिरफ्तार लोगों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो राज्यभर में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जब दिल्ली में यह तय हो गया था कि आंदोलन से जुड़े सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे, इसके बावजूद बिहार में छात्रों और नेताओं को जेल में डाला जा रहा है।
बिहार की परीक्षा व्यवस्था पर सीधा हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पिछले 21 वर्षों में बिहार में सिपाही भर्ती से लेकर बीपीएससी और नीट तक में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। यह सरकार ही पूरी तरह लीक हो चुकी है। राज्य में अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का राज चल रहा है। जब तक इस सरकार को उखाड़ नहीं फेंकेंगे, तब तक यह धांधली रुकने वाली नहीं है।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिवान में हक की आवाज उठा रहे निहत्थे छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाई गईं, जिसमें तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरे राज्य में पुलिस बेकसूरों पर लाठियां बरसा रही है और फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है।
पत्रकार वार्ता के बाद तेजस्वी यादव पटना के मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सिवान फायरिंग में घायल हुए छात्रों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्र बधाई के पात्र हैं और पूरी पार्टी इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।